Wednesday Remedies: हिंदू धर्म में बुधवार का दिन भगवान गणेश और बुध ग्रह की पूजा के लिए विशेष माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गणपति की आराधना के साथ बुध ग्रह से जुड़े उपाय करने से जीवन में सकारात्मकता, सुख-समृद्धि और सफलता के रास्ते खुल सकते हैं. वहीं, कुंडली में बुध की स्थिति कमजोर होने पर मानसिक तनाव, निर्णय लेने में असमंजस और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में बुधवार को कुछ खास धार्मिक उपाय किए जाते हैं. आइए आचार्य मदन मोहन से जानते हैं कि बुधवार के दिन कौन से उपाय किए जा सकते हैं.
बुध मंत्र का जाप करें
आचार्य मदन मोहन के अनुसार, बुधवार को बुध ग्रह के मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. श्रद्धा और नियम के साथ 'ॐ ब्रां ब्रीं ब्रौं सः बुधाय नमः' मंत्र का जाप करने की धार्मिक मान्यता है. कहा जाता है कि इससे बुध ग्रह को मजबूत करने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
हरी मूंग का दान करें
बुधवार के दिन हरी मूंग का दान करना भी शुभ माना गया है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, हरे रंग और हरी वस्तुओं का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है. जरूरतमंद व्यक्ति को हरी मूंग का दान करने से बुद्धि, आर्थिक स्थिति और कार्यक्षेत्र में प्रगति के अवसर बढ़ने की मान्यता है.
ऋणहर्ता गणेश स्तोत्र का पाठ करें
अगर कोई व्यक्ति आर्थिक परेशानियों या कर्ज से जूझ रहा है, तो बुधवार के दिन ऋणहर्ता गणेश स्तोत्र का पाठ कर सकता है. आचार्य मदन मोहन के मुताबिक, श्रद्धा के साथ गणेश जी की आराधना करने से बाधाओं को दूर करने और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए सकारात्मक परिणाम मिलने की धार्मिक मान्यता है.
गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें
भगवान गणेश को दूर्वा बेहद प्रिय मानी जाती है. बुधवार के दिन गणपति मंदिर में जाकर या घर पर पूजा के दौरान गणेश जी को 11 या 21 दूर्वा की गांठें अर्पित की जा सकती हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, दूर्वा अर्पित करने से गणेश जी का आशीर्वाद मिलता है और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की जाती है.
बुध दोष में करें मां दुर्गा की उपासना
आचार्य मदन मोहन के अनुसार, कुंडली में बुध दोष होने पर माता दुर्गा की उपासना भी की जा सकती है. बुधवार को 'ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे' मंत्र का 5, 7, 11, 21 या 108 बार जाप करने की सलाह दी जाती है. इसके अलावा बुधवार के दिन गाय को हरी घास खिलाना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इन उपायों से बुध से जुड़ी परेशानियों को कम करने और जीवन में सकारात्मकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- कन्या राशि वालों को आज प्यार में मिलेगा खास सरप्राइज, इन राशियों के रिश्तों में आएगी नई मिठास, पढ़ें लव राशिफल