Weather Update: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, जानें अपडेट

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके असर से कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है.

Weather Update Monsoon warnings issued for heavy rain and lightning strikes
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

IMD Weather Update: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके असर से कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अब उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों, राजस्थान और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों में आज बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.

दिल्ली में कई दिनों तक होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 4 जुलाई से 9 जुलाई तक राजधानी में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के बाकी इलाकों में भी आगे बढ़ने की उम्मीद है.

उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अनुमान

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बिहार के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन हल्की बारिश और उमस बनी रह सकती है. वहीं 6 जुलाई के बाद प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 6 से 9 जुलाई के बीच तेज बारिश हो सकती है.

महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. हालांकि फिलहाल रेल और सड़क यातायात सामान्य रूप से चल रहा है.

बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

आईएमडी ने राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पंजाब के कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है.

मध्य भारत में भी सक्रिय हुआ मानसून

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 4 से 9 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी तट के राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है, इसलिए जरूरी न हो तो यात्रा टालने की सलाह दी गई है. साथ ही तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर रुकने से बचने की भी हिदायत दी गई है.

ये भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: किस राशि को मिलेगी सफलता, किसके लिए खुलेंगे नए अवसर? पढ़ें आज का राशिफल