Delhi Weather: मौसम में बदलाव के साथ ही राजधानी दिल्ली में ठंड धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है और दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगी है. दोपहर में धूप अब पहले के मुकाबले ज्यादा तेज लग रही है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है.
शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया. लंबे समय बाद धूप इतनी तेज रही कि सर्दियों का असर कम होता साफ नजर आया.
साफ आसमान, दिन में तेज धूप
शुक्रवार को पूरे दिन दिल्ली का आसमान साफ रहा और धूप खुलकर निकली. सुबह और शाम हल्की ठंड जरूर महसूस हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ा. न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री ज्यादा था. हवा में नमी का स्तर सुबह ज्यादा और दोपहर तक कम होता गया, जिससे दिन में मौसम शुष्क और गर्म महसूस हुआ.
आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार की सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन निकलते ही आसमान साफ हो जाएगा. दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रह सकती है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और सर्दी का असर और कम होता जाएगा.
अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तापमान में भी हल्का अंतर देखने को मिला. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पालम क्षेत्र में दिन का तापमान थोड़ा कम रहा, जबकि रिज इलाके में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से ऊपर पहुंच गया. लोधी रोड, आयानगर, राजघाट और मयूर विहार जैसे इलाकों में भी दिन के समय तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि दिल्ली में सर्दियों का असर अब धीरे-धीरे खत्म होने की ओर है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान-चीन की उड़ी नींद! भारत ने किया अग्नि 3 का सफल परीक्षण, रेंज जानकर दंग रह जाएंगे आप