दिल्ली-एनसीआर समेत 17 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, कई इलाकों में ओले गिरने की संभावना

Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है. मंगलवार शाम दिल्ली में अचानक तेज आंधी और हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.

Weather Alert Rain thunderstorm alert for 17 states including Delhi-NCR possibility of hailstorms
Image Source: ANI/ File

Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है. मंगलवार शाम दिल्ली में अचानक तेज आंधी और हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया. इसी तरह यूपी, हैदराबाद और कई अन्य क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई.

हालांकि बारिश के साथ आई तेज हवाओं की वजह से कई जगह पेड़ गिर गए और सड़कों पर पानी भर गया. मौसम विभाग ने 10 जून के लिए भी कई राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

इन 17 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में इन राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है:

दिल्ली
उत्तर प्रदेश
बिहार
हरियाणा
राजस्थान
मध्य प्रदेश
उत्तराखंड
पंजाब
हिमाचल प्रदेश
झारखंड
पश्चिम बंगाल
छत्तीसगढ़
अरुणाचल प्रदेश
असम
तमिलनाडु
आंध्र प्रदेश
कर्नाटक

कई क्षेत्रों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में बुधवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके बाद मौसम काफी सुहावना हो गया. सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं.

मौसम विभाग ने 10 और 11 जून के लिए भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं मंगलवार को खराब मौसम के कारण मुंबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा.

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में 10 से 12 जून तक कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, जिनकी रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

मंगलवार को आए तेज तूफान ने कई जिलों में नुकसान पहुंचाया. इटावा, महोबा और फिरोजाबाद में पेड़ उखड़ गए, दीवारें और छतें गिर गईं. हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, पौड़ी गढ़वाल और ऋषिकेश में भारी बारिश हो सकती है.

इसके साथ ही 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें- 'होर्मुज के पास ईरान ने अमेरिकी हेलिकॉप्टर गिराया', डोनाल्ड ट्रंप बोले - हम जरूर देंगे जवाब