यमन में फिर भड़की जंग, सऊदी अरब की बमबारी में 33 लोगों की मौत, महिलाओं-बच्चों की भी गई जान

यमन की राजधानी सना के पास सऊदी अरब के हवाई हमलों में 33 लोगों की मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

War in Yemen 33 people killed in Saudi Arabian bombardment airstrikes
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

यमन की राजधानी सना के पास सऊदी अरब के हवाई हमलों में 33 लोगों की मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाली समाचार एजेंसी सबा और स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब ने सना के पूर्व में स्थित बनी हुशैश गांव को निशाना बनाया. इस हमले में कई घर तबाह हो गए और बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए. जुलाई में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच दोबारा शुरू हुई लड़ाई के बाद इसे सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है.

सना के सेहतुना अस्पताल के निदेशक अब्दुल-अजीज अल-दैलामी ने बताया कि मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं. इनमें बचाव दल के कुछ सदस्य भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि जब भी राहत और बचाव की टीमें लोगों को निकालने पहुंचती हैं, उसी दौरान एक और हमला हो जाता है. इस हमले में कुछ मेडिकल कर्मचारियों की भी जान गई है. अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. कई लोगों के सिर, छाती और पैरों में चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हड्डियां भी टूट गई हैं. वहीं, सऊदी अरब के सेंटर फॉर इंटरनेशनल कम्युनिकेशन ने कहा है कि वह इस मामले की जांच कर रहा है.

2022 में हुआ युद्धविराम टूटा, फिर शुरू हुई जंग

सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच साल 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से युद्धविराम हुआ था. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हमलों में काफी कमी आई थी. हालांकि, जुलाई 2026 में एक बार फिर दोनों के बीच लड़ाई शुरू हो गई. हूती विद्रोही ईरान समर्थित संगठन हैं और यमन की राजधानी सना पर उनका कब्जा है. उन्होंने सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं. इसके जवाब में सऊदी अरब यमन में अपने सहयोगी संगठनों की मदद के लिए हवाई हमले कर रहा है.

12 साल से जारी युद्ध ने बढ़ाया मानवीय संकट

यमन में पिछले करीब 12 साल से संघर्ष जारी है. इसका असर अब अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे बड़े तनाव से भी जुड़ गया है. लगातार हो रही लड़ाई ने अरब देशों के सबसे गरीब देश यमन को गंभीर संकट में डाल दिया है. अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के मुताबिक, जुलाई में दोबारा लड़ाई शुरू होने के बाद से 2 लाख से ज्यादा लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं. लगातार हो रहे हमलों के कारण आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो रहे हैं.