हूतियों के खिलाफ जंग शुरू! इन दो देशों ने 100 फाइटर जेट्स से बरपाया कहर, बाब अल-मंदेब पर कब्जे की तैयारी

Yemen Conflict: यमन में हूतियों के खिलाफ चल रही जंग अब बड़े मोड़ पर पहुंच गई है. अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार की सेना ने ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है.

War against Houthis begins Yemen Saudi Arabia 100 fighter jets Bab al-Mandeb
Image Source: Social Media

Yemen Conflict: यमन में हूतियों के खिलाफ चल रही जंग अब बड़े मोड़ पर पहुंच गई है. अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार की सेना ने ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है. यमनी सरकारी बलों का दावा है कि उन्होंने धुबाब एयरपोर्ट पर कब्जा कर लिया है. इसके अलावा धुबाब जिले के बड़े हिस्से पर भी नियंत्रण हासिल करने की बात कही गई है. इस अभियान में यमन और सऊदी अरब के करीब 100 विमानों के शामिल होने का दावा किया गया है.

यमनी सेना ने इस अभियान को ‘डॉन ऑफ यमन’ नाम दिया है. इसका मुख्य लक्ष्य रणनीतिक बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर नियंत्रण हासिल करना बताया गया है. सेना के मुताबिक, इसके लिए जमीन और हवा दोनों तरफ से कार्रवाई तेज की गई है. सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन यमनी सेना को हवाई मदद दे रहा है और बाब अल-मंदेब के आसपास एयर डिफेंस भी उपलब्ध करा रहा है.

100 फाइटर जेट, 324 हाई-वैल्यू टारगेट पर हमला

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के मुताबिक, ऑपरेशन में करीब 100 फाइटर जेट शामिल हुए हैं. गठबंधन ने दावा किया है कि यमन में 324 ‘हाई-वैल्यू टारगेट’ पर हमले किए गए. वहीं यमनी सेना का कहना है कि हूती ठिकानों पर 1,000 से ज्यादा स्ट्राइक की गई हैं.

इन हमलों में तोपों और रॉकेट लॉन्चर के ठिकानों, डिफेंस पोजिशन, सप्लाई रूट और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को निशाना बनाने का दावा किया गया है. इसके अलावा उन रास्तों पर भी हमले किए गए, जिनसे हूती लड़ाकों और अतिरिक्त सैनिकों की आवाजाही होती थी.

बाब अल-मंदेब पर कब्जे की तैयारी

यमनी सेना का अभियान सिर्फ धुबाब एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है. सेना ने बाब अल-मंदेब पर नियंत्रण के लिए घेराबंदी शुरू करने की बात कही है. यह दुनिया के अहम समुद्री रास्तों में शामिल है, इसलिए यहां होने वाली लड़ाई का असर दूसरे इलाकों पर भी पड़ सकता है.

सरकारी बलों के मुताबिक, हूतियों के साथ लड़ाई के बाद धुबाब जिले के बड़े हिस्से पर उसका नियंत्रण हो गया है. करीब एक महीने पहले हूतियों ने लाल सागर के तट और बाब अल-मंदेब के आसपास अपनी पकड़ मजबूत की थी. सितंबर में उनकी सैन्य कार्रवाई के बाद यमन में लड़ाई और तेज हो गई थी.

हूती भी लगातार बढ़ा रहे हमले

यमनी सेना के नए ऑपरेशन के बीच हूती भी पीछे हटते नजर नहीं आ रहे हैं. रॉयटर्स के मुताबिक, हूतियों ने ताइज़ शहर को कई तरफ से घेर लिया है और उसे अदन से जोड़ने वाली मुख्य सप्लाई रोड को काट दिया है. ताइज़ अभी सरकारी बलों के नियंत्रण में है, लेकिन यहां हूतियों का दबाव बना हुआ है.

हूती हमलों का असर सऊदी अरब तक भी पहुंचा है. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि 4 अक्टूबर को संगठन ने रियाद और खुरैस में सऊदी अरामको के ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. उनके मुताबिक, हमलों के बाद दोनों जगहों पर बड़े पैमाने पर आग लगी.

यमन में एक ओर सरकारी सेना बाब अल-मंदेब और लाल सागर के आसपास हूतियों का प्रभाव कम करने की कोशिश कर रही है, वहीं हूती सऊदी ठिकानों और तेल सुविधाओं को निशाना बनाने का दावा कर रहे हैं. ऐसे में नए सैन्य अभियान से यमन की जंग और तेज होती दिख रही है.

ये भी पढ़ें- म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के? भारत की महिलाओं के नाम 21 में 11 गोल्ड, एशियन गेम्स में रचा इतिहास