Most Dangerous Places: विज्ञान और तकनीक ने इंसान को चांद, मंगल और अंतरिक्ष की गहराइयों तक पहुंचा दिया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज भी धरती पर ऐसी कई जगहें मौजूद हैं, जहां आधुनिक इंसान की पहुंच लगभग नामुमकिन है. ये वो स्थान हैं, जिनके बारे में दुनिया जानती तो है, लेकिन न तो वहां लंबे समय तक कोई रह पाया है और न ही इन जगहों को पूरी तरह समझ पाया है.
इन इलाकों में कभी खतरनाक मौसम आड़े आता है, तो कहीं रहस्यमयी जनजातियां बाहरी लोगों को स्वीकार नहीं करतीं. कहीं ऊंचे पहाड़ रास्ता रोक लेते हैं, तो कहीं प्रकृति खुद एक दीवार बनकर खड़ी हो जाती है. आज हम आपको दुनिया की ऐसी ही पांच रहस्यमयी और लगभग अनछुई जगहों के बारे में बताएंगे, जहां मॉडर्न इंसान आज भी पूरी तरह नहीं पहुंच सका है. खास बात यह है कि इनमें से एक जगह भारत में भी स्थित है.
1. वाले डू जवारी (Vale Do Javari)- अमेज़न का खतरनाक रहस्य
ब्राजील के घने अमेज़न वर्षावनों के बीच बसा Vale Do Javari दुनिया की सबसे रहस्यमयी और खतरनाक जगहों में से एक माना जाता है. यह इलाका लगभग 33,000 वर्ग मील में फैला हुआ है और यहां दुनिया के कुछ सबसे अलग-थलग रहने वाले आदिवासी समुदाय रहते हैं.
माना जाता है कि इस क्षेत्र में करीब 2000 लोग रहते हैं, जिनमें से 14 जनजातियां आज भी पूरी तरह आधुनिक दुनिया से कटी हुई हैं. इन लोगों ने कभी आधुनिक इंसानों से संपर्क नहीं किया और बाहरी लोगों के लिए यह इलाका बेहद खतरनाक माना जाता है. जंगल ही इनका घर, भोजन और जीवन है.
2. डेवोन आइलैंड (Devon Island)- धरती पर मंगल जैसा इलाका
कनाडा के नुनावुत क्षेत्र के पास स्थित डेवोन आइलैंड को अक्सर “धरती पर मंगल” कहा जाता है. यहां का वातावरण इतना कठोर है कि जीवन लगभग असंभव माना जाता है. यही वजह है कि इस द्वीप को एलियन से जोड़ा जाता है.
यहां का तापमान कई बार -58 फॉरेनहाइट (-50 डिग्री सेल्सियस) तक गिर जाता है. घना कोहरा, बर्फीली हवाएं और निर्जन वातावरण इसे इंसानों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बनाते हैं. यहां तक कि NASA को भी यहां रिसर्च के दौरान कई परेशानियों का सामना करना पड़ा था.
3. गंगखर पुनसुम (Gangkhar Puensum)- रहस्यमयी और अपराजेय पर्वत
उत्तर भूटान में तिब्बत की सीमा के पास स्थित गंगखर पुनसुम को दुनिया की सबसे रहस्यमयी चोटियों में गिना जाता है. यह समुद्र तल से 24,836 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया की सबसे ऊंची “अनक्लाइंब्ड” चोटियों में से एक माना जाता है.
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यह पहाड़ पवित्र है और यहां कुछ विशेष धार्मिक अनुष्ठान होते हैं, जिनके बारे में बाहरी दुनिया को बहुत कम जानकारी है. आम लोगों को यहां जाने की इजाजत नहीं है और अब तक बहुत ही कम लोग इसकी चोटी तक पहुंच पाए हैं.
4. स्टार माउंटेन (Star Mountains)- जैसे दूसरी दुनिया का रास्ता
पापुआ न्यू गिनी में स्थित स्टार माउंटेन अपनी प्राकृतिक सुंदरता और खतरनाक भूगोल के लिए जाना जाता है. यह पर्वत श्रृंखला इतनी दुर्गम है कि यहां तक पहुंचना किसी रोमांच से कम नहीं.
इस पहाड़ी की ऊंचाई 15,000 फीट से ज्यादा है. यहां से रात के समय आसमान देखने पर तारे बेहद साफ और बड़े दिखाई देते हैं, मानो कोई दूसरी दुनिया सामने खुल गई हो. हालांकि, कठिन रास्तों और खतरनाक परिस्थितियों के कारण यहां इंसानी पहुंच बेहद सीमित है.
5. नॉर्थ सेंटिनल आइलैंड- भारत का सबसे रहस्यमयी द्वीप
भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में स्थित नॉर्थ सेंटिनल आइलैंड दुनिया की सबसे खतरनाक और रहस्यमयी जगहों में से एक है. यह द्वीप केवल 23 वर्ग मील में फैला हुआ है, लेकिन यहां रहने वाले सेंटिनल जनजाति के लोग इसे खास बनाते हैं.
इन लोगों का बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं है और वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को अपने द्वीप पर आने नहीं देते. सरकार ने यहां जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है. माना जाता है कि यह जनजाति पिछले 60,000 सालों से इसी द्वीप पर रह रही है, लेकिन उनका खान-पान, भाषा और जीवनशैली आज भी दुनिया के लिए एक रहस्य बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- मौत के बाद अचानक लौटी सांसें, अमेरिका में अंतिम संस्कार से पहले जिंदा हुई महिला; हर कोई रह गया हैरान