Amrit Bharat Express: दक्षिण भारत के रेल मानचित्र पर आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत करेंगे. इस मौके पर त्रिशूर से गुरुवायुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को भी रवाना किया जाएगा, जिससे रोज़मर्रा के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.
रेलवे की यह पहल न सिर्फ दक्षिण भारत के राज्यों को और करीब लाएगी, बल्कि लंबी दूरी की यात्राओं को पहले से ज्यादा तेज़, आरामदायक और किफायती भी बनाएगी.
कई राज्यों को जोड़ेंगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस
नई शुरू होने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के अहम शहरों को सीधे जोड़ेंगी. इससे यात्रियों का समय बचेगा और इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी.
नागरकोइल से मंगलुरु तक सीधी कनेक्टिविटी
नागरकोइल–मंगलुरु जंक्शन अमृत भारत एक्सप्रेस केरल और कर्नाटक के बीच एक अहम रेल लिंक बनेगी. यह ट्रेन तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझिकोड और कन्नूर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.रेलवे शेड्यूल के अनुसार यह सेवा नागरकोइल से मंगलवार और मंगलुरु से बुधवार को संचालित होगी.
हैदराबाद से केरल तक लंबी दूरी की नई सेवा
चारलापल्ली (हैदराबाद)–तिरुवनंतपुरम नॉर्थ अमृत भारत एक्सप्रेस चार राज्यों को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण ट्रेन होगी. यह तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल से होकर गुजरेगी.यह ट्रेन चारलापल्ली से मंगलवार और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से बुधवार को रवाना होगी.
तमिलनाडु–केरल सफर होगा और आसान
तांबरम–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अमृत भारत एक्सप्रेस से दोनों राज्यों के बीच यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी.यह ट्रेन तांबरम से बुधवार और तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से गुरुवार को चलेगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक तीनों अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में नई पीढ़ी का अमृत भारत रेक, आरामदायक सीटें, स्वच्छ कोच, आधुनिक लाइटिंग सिस्टम, CCTV निगरानी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है.इन ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
विकास की पटरी पर तेज़ी से दौड़ता दक्षिण भारत
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह पहल दक्षिण भारत को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ने का काम करेगी. आम लोगों के लिए यह केवल नई ट्रेन सेवाएं नहीं, बल्कि तेज़, सुरक्षित और भरोसेमंद भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है.
यह भी पढ़ेंः जनगणना 2027 की अधिसूचना जारी, पहले चरण में होगी मकानों की गिनती, जानें हर डिटेल