IPL 2026 में छाए वैभव सूर्यवंशी, 15 साल की उम्र में जीते 5 बड़े अवॉर्ड, जानें कितनी मिली प्राइज मनी

Vaibhav Sooryavanshi Awards: आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता हो, लेकिन इस सीजन सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा.

Vaibhav Suryavanshi dominated IPL 2026 won 5 big awards at the age of 15 know who earned how much
Image Source: Social Media

Vaibhav Sooryavanshi Awards: आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता हो, लेकिन इस सीजन सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैच खेलकर 776 रन बनाए और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए.

बल्ले से मचाया धमाल

सीजन शुरू होने से पहले ही क्रिकेट फैंस की नजरें वैभव पर थीं. उन्होंने उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरते हुए आक्रामक और समझदारी भरी बल्लेबाजी की. वैभव ने 237.30 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले.

सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने कई दिग्गज गेंदबाजों का भी बेखौफ होकर सामना किया. कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की. बुमराह की पहली ही गेंद पर लगाया गया छक्का पूरे सीजन के सबसे चर्चित पलों में शामिल रहा.

एक सीजन में जीते 5 बड़े अवॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन कुल पांच बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार अपने नाम किए. इनमें शामिल हैं:

  • ऑरेंज कैप
  • मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP)
  • इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन
  • सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
  • सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन

उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इसके अलावा वे पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे.

रचा नया इतिहास

वैभव आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एक ही सीजन में MVP और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन दोनों अवॉर्ड जीते. इसके अलावा वह 2011 में क्रिस गेल के बाद ऐसे बल्लेबाज बने जिन्होंने एक ही सीजन में सबसे ज्यादा रन और सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट के मामले में शीर्ष स्थान हासिल किया.

अवॉर्ड लेने के बाद वैभव ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का पल है. उन्होंने कहा कि वह आगे भी अपने खेल पर ध्यान देना चाहते हैं और अगले सीजन में इससे बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.

अवॉर्ड से कितनी हुई कमाई?

वैभव को अलग-अलग पुरस्कारों के लिए नकद राशि भी मिली.

  • MVP अवॉर्ड: 15 लाख रुपये
  • ऑरेंज कैप: 10 लाख रुपये
  • सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन: 10 लाख रुपये और टाटा सिएरा कार
  • सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन: 10 लाख रुपये
  • इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन: 10 लाख रुपये

इस तरह वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं बनाए, बल्कि पुरस्कारों के रूप में अच्छी-खासी रकम भी अपने नाम की. 15 साल की उम्र में उनका यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है.

ये भी पढ़ें- मुकुल चौधरी से लेकर उर्विल पटेल तक... IPL 2026 में इन युवा खिलाड़ियों ने दिखाया जलवा, किया शानदार प्रदर्शन