Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. उनका बल्ला लगातार आग उगल रहा है और हर मैच में वे अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर रहे हैं. आईपीएल 2026 से पहले खेले जा रहे डीवाई पाटिल टी20 कप में उन्होंने एक और यादगार पारी खेलकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
26 फरवरी को खेले गए मुकाबले में डीवाई पाटिल ब्लू की तरफ से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय नौसेना के खिलाफ 220 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया.
14 ball 50 for Vaibhav Suryavanshi 👀 against the Indian Navy in the DY PATIL T20 CUP pic.twitter.com/KAcl0UOJ3V
— Rithik Rajeev Yadav (@Rithikdb5) February 26, 2026
पहले ही ओवर में 16 रन
उन्होंने पहले ही ओवर में 4 गेंदों पर 16 रन बनाकर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद उन्होंने तेजी से रन बटोरते हुए महज 12 गेंदों में 43 रन बना डाले. फिर छक्का और चौका लगाकर पांचवें ओवर में ही अपना अर्धशतक पूरा किया. खास बात यह रही कि उनका यह अर्धशतक सिर्फ 14 गेंदों में आया, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार उदाहरण है.
19 गेंदों में 63 रन, स्ट्राइक रेट 331 से ज्यादा
अर्धशतक पूरा करने के बाद भी वैभव का आक्रामक खेल जारी रहा. उन्होंने लगातार बड़े शॉट्स लगाए और अंततः 19 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हुए. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के जड़े और 331.58 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंड प्रदर्शन
इस मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 29 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे. गेंदबाजी में भी उन्होंने एक विकेट हासिल किया और अपने हरफनमौला प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मैच के आखिरी ओवर में उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई.
IPL में पहले ही बना चुके हैं रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रच चुके हैं. IPL 2025 में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर सबको चौंका दिया था. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 14 साल 32 दिन थी, जिससे वे आईपीएल इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बन गए. साथ ही यह किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सबसे तेज आईपीएल शतक भी था.
अंडर-19 क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड
युवा स्तर पर भी वैभव का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 25 यूथ वनडे मैचों में 1,412 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 56.48 और स्ट्राइक रेट 165.72 रहा है. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रन है, जो उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया था. इस मैच में भारत ने खिताब भी जीता था.
टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा प्रभाव
टी20 क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन सबसे ज्यादा प्रभावशाली रहा है. अब तक खेले गए 18 टी20 मैचों में उन्होंने 701 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 204.37 का रहा है, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है. हाल ही में बोर्ड परीक्षा को लेकर चर्चा में आए इस युवा खिलाड़ी ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से ही सभी सवालों का जवाब दे दिया है.
ये भी पढ़ें- Income Tax Rule Change: 20 लाख तक घर-ज़मीन खरीदने पर नहीं देना होगा PAN, खरीदारों को राहत!