IPL 2026: एलिमिनेटर में गरजे वैभव सूर्यवंशी का पहला रिएक्शन आया सामने, कहा - रनों की और भूख...

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया, जिसे क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रखने वाले हैं. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए.

vaibhav-Sooryavanshi-eliminator-knock-instagram-reaction-goes-viral
Image Source: ANI

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान मचाया, जिसे क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रखने वाले हैं. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए. मैदान पर चौकों और छक्कों की बारिश के बीच वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उनकी धमाकेदार पारी की बदौलत राजस्थान ने हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली.

वैभव ने क्रिस गेल को भी छोड़ा पीछे

वैभव सूर्यवंशी भले ही आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस सीजन में अब तक उनके बल्ले से 65 छक्के निकल चुके हैं. उनकी बल्लेबाजी में जिस तरह की आक्रामकता दिखाई दे रही है, उसने उन्हें मौजूदा सीजन का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बना दिया है. हैदराबाद के खिलाफ उनकी पारी में 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया.

“रनों की और भूख है”

मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए सिर्फ तीन शब्द लिखे – “रनों की और भूख है.” उनका यह छोटा सा बयान अब तेजी से वायरल हो रहा है. क्रिकेट फैंस से लेकर सेलिब्रिटीज तक उनकी तारीफ कर रहे हैं. पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने कमेंट करते हुए उनकी पारी को शानदार बताया, वहीं अभिनेत्री शहनाज गिल ने लिखा कि उन्हें वैभव पर गर्व है. इतने कम समय में वैभव ने जिस तरह अपनी पहचान बनाई है, उसने उन्हें देश का नया क्रिकेट सुपरस्टार बना दिया है.

छोटे करियर में बड़े कारनामे

वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से आईपीएल करियर में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. वह अब तक 22 मैचों में 932 रन बना चुके हैं, जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं. उनका स्ट्राइक रेट 231.84 का है, जो टी20 क्रिकेट में बेहद खास माना जाता है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्के लगाए हैं. अब तक उनके नाम 89 छक्के और 73 चौके दर्ज हैं. एलिमिनेटर जीतने के बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम अब 29 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में भिड़ेगी, जहां जीतने वाली टीम फाइनल में आरसीबी का सामना करेगी.

ये भी पढ़ें: GT vs RR Qualifier-2: अगर रद्द हुआ मुकाबला, तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट? जानें क्वालिफायर-2 का नियम