GT vs RR Qualifier-2: आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. फाइनल में जगह बनाने की जंग अब सिर्फ एक मुकाबले पर टिक गई है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब सबकी नजरें गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले पर हैं. दोनों टीमों के बीच यह मैच तय करेगा कि आखिर RCB के खिलाफ खिताबी मुकाबले में कौन उतरेगा.
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच शुक्रवार, 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा. लेकिन फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बारिश या खराब मौसम की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाया तो फाइनल का टिकट किसे मिलेगा?
मैच रद्द होने पर क्या कहता है IPL का नियम?
आईपीएल प्लेऑफ के नियमों के अनुसार क्वालिफायर-2 मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. ऐसे में अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच प्रभावित होता है तो अंपायर पहले मुकाबला पूरा कराने की हर संभव कोशिश करेंगे. जरूरत पड़ने पर ओवरों में कटौती की जा सकती है ताकि नतीजा निकाला जा सके.
अगर स्थिति ऐसी बनती है कि एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सके, तब सुपर ओवर के जरिए विजेता तय करने की कोशिश की जाएगी. हालांकि यदि मौसम पूरी तरह खराब रहता है और सुपर ओवर भी संभव नहीं हो पाता, तब लीग स्टेज की अंक तालिका के आधार पर फैसला लिया जाएगा.
ऐसी स्थिति में गुजरात टाइटंस को बड़ा फायदा मिलेगा. लीग स्टेज के अंत में गुजरात की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे नंबर पर थी. इसी वजह से मैच रद्द होने की स्थिति में गुजरात टाइटंस सीधे IPL 2026 फाइनल में पहुंच जाएगी.
क्या मैच पर बारिश का खतरा है?
फिलहाल मौसम को लेकर राहत भरी खबर सामने आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार 28 मई और 29 मई की सुबह तक चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. हालांकि राहत की बात यह है कि शुक्रवार शाम तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
अनुमान के मुताबिक मैच के समय आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना काफी कम है. शाम के दौरान तापमान भी घटकर लगभग 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को राहत मिलेगी. ऐसे में फैंस को पूरे मुकाबले का रोमांच देखने को मिल सकता है.
इस सीजन में कैसा रहा दोनों टीमों का प्रदर्शन?
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में लीग स्टेज के दौरान दो बार आमने-सामने आ चुकी हैं और दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला जीता है.
पहली भिड़ंत अहमदाबाद में हुई थी, जहां राजस्थान रॉयल्स ने बेहद करीबी मुकाबले में गुजरात को 6 रन से हराया था. इसके बाद जयपुर में खेले गए दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस ने शानदार वापसी करते हुए राजस्थान को 77 रन के बड़े अंतर से मात दी थी.
अब दोनों टीमों के बीच यह तीसरी भिड़ंत होगी और इस बार दांव सबसे बड़ा है, क्योंकि जीत सीधे फाइनल का रास्ता खोलेगी.
दोनों टीमों पर रहेंगी नजरें
गुजरात टाइटंस इस सीजन में संतुलित टीम के रूप में नजर आई है. टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स ने भी कई मुकाबलों में दमदार खेल दिखाया है और बड़े मैच जीतने की क्षमता साबित की है.
ऐसे में क्वालिफायर-2 मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है. दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम ही फाइनल का टिकट हासिल करेगी.
कब, कहां और कैसे देखें मुकाबला?
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला शुक्रवार, 29 मई को खेला जाएगा. यह मैच मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा.
मुकाबले का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि पहली गेंद 7:30 बजे फेंकी जाएगी.
टीवी दर्शक इस मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देख सकते हैं. वहीं मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट यूजर्स JioHotstar ऐप और वेबसाइट के जरिए मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद उठा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Vaibhav Sooryavanshi: नई सिक्स मशीन... गेल-रसेल भी हुए वैभव सूर्यवंशी के दीवाने, कई दिग्गजों ने की तारीफ