UP Govt Tablets Scheme: उत्तर प्रदेश में सरकार 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट देगी. ये टैबलेट ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ के तहत योग्य युवाओं को दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये रखे हैं. मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.
सरकार के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया के जरिए चुनी जाने वाली कंपनियों को टैबलेट खरीदने के ऑर्डर दिए जाएंगे. पांच साल की इस योजना का मकसद युवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि वे पढ़ाई, ट्रेनिंग, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर मौके हासिल कर सकें.
किन युवाओं को मिलेगा मुफ्त टैबलेट
इस योजना का लाभ स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे छात्रों के साथ-साथ डिप्लोमा, कौशल विकास और दूसरे शिक्षा व प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल योग्य युवाओं को मिलेगा.
मुफ्त टैबलेट मिलने से छात्र ऑनलाइन पढ़ाई और दूसरी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके जरिए वे अपनी पढ़ाई से जुड़ी जानकारी, ऑनलाइन ट्रेनिंग और रोजगार व स्वरोजगार से जुड़ी सेवाओं का भी लाभ उठा पाएंगे.
सरकार ने साफ किया है कि इस योजना का लाभ केवल योग्य छात्रों को मिलेगा. इसके लिए छात्रों को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. जिस संस्थान में छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, वहीं से उन्हें टैबलेट दिया जाएगा.
युवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत करने का मकसद
राज्य सरकार का कहना है कि योजना का मकसद सिर्फ युवाओं को टैबलेट देना नहीं है. इसके जरिए उन्हें तकनीक से जोड़कर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है. सरकार के अनुसार, इस योजना से युवाओं को डिजिटल संसाधनों तक आसानी से पहुंच मिलेगी. साथ ही, इससे उन्हें पढ़ाई और प्रशिक्षण में भी मदद मिलेगी.
मंत्री सुरेश खन्ना ने क्या कहा
वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस फैसले से उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण और आईटीआई से जुड़े योग्य युवाओं को फायदा होगा.
उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं तक आसान पहुंच से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. उनके मुताबिक, तकनीकी रूप से मजबूत युवा आगे चलकर रोजगार बढ़ाने और सेवा क्षेत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- फ्री हेल्थ चेकअप से नियुक्ति पत्र तक... योगी सरकार का श्रमिकों को बड़ा तोहफा, महिलाओं के लिए भी अहम फैसला