Bareilly Road Accident: बरेली में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई. यह हादसा रविवार शाम को सीबीगंज क्षेत्र में हुआ. बरेली-दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई. हादसे के बाद पीछे से एक बाइक भी टकराई. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि यह टैंकर शनिवार को रोडवेज बस से टकरा गया था और उसके बाद से इसे हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया गया था. इसी टैंकर से रविवार को एक कार टकराई, और उसके बाद एक बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बाइक सवार साहबजाद खां (45) और मुमत्याज खां (65) समेत कार सवार मनमोहन सिंह (42), सिकंदर (28) और विशेष यादव की मौत हो गई.
तेज रफ्तार कार ने बढ़ाई मुश्किलें
एसपी सिटी ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह कार की तेज रफ्तार थी. कार का स्पीडोमीटर 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर था, यानी वाहन उससे तेज दौड़ रहा था. हादसे के कारणों की पूरी जांच की जाएगी.
कार का अगला हिस्सा चकनाचूर
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. शुरुआत में यह पता चला कि चालक तेज रफ्तार की वजह से नियंत्रण खो बैठा था. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर के कारण सड़क पर शीरा फैल गया था, जिससे सड़क पर फिसलन हो गई थी.
सड़क पर शीरे की सफाई नहीं हुई पूरी
शनिवार रात को एक रोडवेज बस और शीरे से भरे टैंकर की टक्कर हुई थी. पुलिस ने बस को हटाकर ढाबे पर खड़ा करवा दिया था, लेकिन टैंकर को कुछ दूर आगे खड़ा कर दिया. इसके बाद, टैंकर से शीरा सड़क पर फैल गया था. एनएचएआई की टीम ने पानी का टैंकर भेजकर शीरे की सफाई करने की कोशिश की, लेकिन पूरी सफाई नहीं हो सकी, जिससे हादसा हो गया.
ग्रामीणों ने की मदद
हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोग मदद के लिए तुरंत आगे आए. हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेज दिया गया था. यह हादसा हर किसी को रुला गया. हादसे में हुई जानमाल की हानि ने हर आंख को नम कर दिया.
ये भी पढ़ें- Bengal Election 2026 : बंगाल में बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, ये बड़े-बड़े नाम शामिल