UPPCL Electricity: उत्तर प्रदेश के करीब 3.70 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (UPERC) ने फैसला लिया है कि राज्य में फिलहाल बिजली की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी. इसके साथ ही नोएडा क्षेत्र में मिलने वाली 10% बिजली छूट पहले की तरह जारी रहेगी.
लगातार 7 साल से नहीं बढ़ी बिजली दरें
इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश लगातार सातवें साल भी उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां बिजली की दरें नहीं बढ़ाई गई हैं. पिछले सात सालों से टैरिफ स्थिर रखा गया है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ा है.
देश के कई राज्यों में जहां समय-समय पर बिजली दरें बढ़ाई जाती हैं, वहीं यूपी में उपभोक्ताओं को लगातार राहत मिल रही है.
नोएडा उपभोक्ताओं को 10% छूट जारी
नोएडा के घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलने वाली 10 प्रतिशत बिजली छूट भी जारी रहेगी. इससे यहां के लाखों लोगों को पहले की तरह कम दरों पर बिजली मिलती रहेगी.
EV चार्जिंग पर भी राहत
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए आयोग ने एक और अहम फैसला लिया है. अब ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली खपत पर 20% छूट मिलेगी. इससे इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इस फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि बिजली दरें स्थिर रहने से आम लोगों के साथ-साथ उद्योगों को भी राहत मिलेगी और महंगाई का असर कम होगा.
ये भी पढ़ें- 'मोदी ने 12 साल में भारत को बदल दिया', शशि थरूर ने लिखा लेख, पीएम मोदी के कार्यकाल का किया आकलन