New Rules: LPG, UPI से PAN तक... 1 जून से बदल जाएंगे ये 6 नियम, आपकी जेब पर क्या होगा असर?

मई का महीना खत्म होने के साथ ही जून 2026 की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ होने जा रही है. हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी कई वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े नियमों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

UPI to PAN these rules will change from June 1 effect on your pocket
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Rule Change From 1 June: मई का महीना खत्म होने के साथ ही जून 2026 की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ होने जा रही है. हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी कई वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े नियमों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इनका सीधा असर आम लोगों की जेब, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, यात्रा और घरेलू खर्चों पर पड़ सकता है.

LPG सिलेंडर की कीमतों से लेकर UPI पेमेंट सिस्टम, PAN कार्ड नियम, ATM चार्ज, FD ब्याज दरें और सोलर पैनल पॉलिसी तक कई बदलाव लागू होने की संभावना है. ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से इन नए नियमों की जानकारी रखें, ताकि बाद में किसी परेशानी या अतिरिक्त खर्च का सामना न करना पड़े.

UPI पेमेंट में दिखेगा असली नाम

नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) UPI फ्रॉड रोकने के लिए नया सिस्टम लागू करने की तैयारी में है. नए नियम के तहत अब किसी को भी पैसा भेजने से पहले केवल बैंक में रजिस्टर्ड असली beneficiary नाम ही दिखाई देगा.

यानी अब QR कोड, मोबाइल नंबर या किसी यूजर द्वारा सेट किए गए नाम की जगह वही verified नाम दिखेगा जो बैंक रिकॉर्ड में दर्ज है. इसका मकसद फर्जी नामों के जरिए होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड को कम करना है. इससे यूजर्स को यह पहचानने में आसानी होगी कि पैसा सही व्यक्ति या व्यापारी को भेजा जा रहा है.

LPG सिलेंडर के दाम फिर बदल सकते हैं

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG, CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करती हैं. मई 2026 में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत करीब ₹3,071.50 तक पहुंच गई थी.

हालांकि घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दामों में उस समय कोई बदलाव नहीं किया गया था. अब 1 जून से नए रेट लागू हो सकते हैं. अगर कीमतों में बदलाव होता है तो इसका असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है.

रेलवे ने कई ट्रेनों में किया बदलाव

जून 2026 में भारतीय रेलवे कई जगहों पर ट्रैक अपग्रेड और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम करने जा रहा है. इसके चलते लगभग 77 ट्रेनों को रद्द किया जा सकता है, जबकि कई ट्रेनों के रूट और टाइमिंग में बदलाव होगा.

इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों पर पड़ने की संभावना है. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें, क्योंकि सुपरफास्ट और दूरंतो जैसी ट्रेनों में भी बदलाव हो सकता है.

PAN कार्ड से जुड़े नए नियम लागू

इनकम टैक्स नियमों के तहत PAN कार्ड से जुड़े कई बदलाव किए गए हैं. कुछ लेनदेन में PAN की अनिवार्यता हटाई गई है, जबकि कई हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए नियम पहले से ज्यादा सख्त किए गए हैं.

पहले एक दिन में ₹50,000 से ज्यादा कैश जमा करने पर PAN जरूरी होता था, लेकिन अब इस शर्त को हटाया गया है. वहीं प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में PAN की सीमा ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख कर दी गई है.

हालांकि कुछ मामलों में PAN देना अब भी जरूरी रहेगा. ₹45 लाख से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड और Joint Development Agreement (JDA) में PAN अनिवार्य होगा. इसके अलावा सालभर में ₹10 लाख से ज्यादा कैश निकासी पर भी PAN रिपोर्टिंग लागू रहेगी.

सरकार ने Form 60 की जगह नया Form 97 भी लागू किया है, जिसका इस्तेमाल उन मामलों में किया जाएगा जहां PAN उपलब्ध नहीं होगा.

सोलर पैनल नियमों में बड़ा बदलाव

1 जून 2026 से सोलर सेक्टर में ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) से जुड़े नए नियम लागू हो सकते हैं. इसके तहत सरकारी योजनाओं, नेट-मीटरिंग और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल किया जाएगा जो ALMM List-I और List-II में शामिल हैं.

सरकार ने साफ किया है कि List-II नियमों में अब और एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा. हालांकि कुछ परियोजनाओं को विशेष परिस्थितियों में राहत मिल सकती है.

विशेषज्ञों का मानना है कि नए नियमों से सोलर पैनल की कीमतें बढ़ सकती हैं, लेकिन इससे घरेलू निर्माण और क्वालिटी कंट्रोल को मजबूती मिलेगी.

ATM और बैंकिंग नियमों में बदलाव संभव

कई बैंकों ने पहले ही ATM ट्रांजैक्शन फीस और कैश निकासी नियमों में बदलाव शुरू कर दिए हैं. जून से कुछ और बैंक अपने ATM शुल्क, फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट और डेली कैश विड्रॉल लिमिट में बदलाव कर सकते हैं.

HDFC Bank ने UPI ATM कैश निकासी को फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल किया था, जबकि पंजाब नेशनल बैंक ने कुछ डेबिट कार्ड्स की दैनिक कैश निकासी सीमा घटाई थी.

इसके अलावा RBI की नीतियों और बाजार की लिक्विडिटी स्थिति को देखते हुए जून में FD ब्याज दरों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में ग्राहकों को अपने बैंक के नोटिफिकेशन और अपडेट्स पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.

पेट्रोल-डीजल और रेपो रेट पर भी नजर

जून में RBI की MPC बैठक भी होने वाली है, जिसमें रेपो रेट को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है. इसका असर लोन EMI, FD ब्याज दरों और बैंकिंग सेक्टर पर पड़ सकता है.

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बदलाव संभव है. ऐसे में जून की शुरुआत कई अहम आर्थिक बदलावों के साथ होने जा रही है, जिनका असर सीधे आम लोगों के बजट पर पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें- Vaibhav Sooryavanshi: नई सिक्स मशीन... गेल-रसेल भी हुए वैभव सूर्यवंशी के दीवाने, कई दिग्गजों ने की तारीफ