UPESSC Exam Calendar 2026-27: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और शिक्षा विभाग की सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए अगले तीन महीने काफी अहम रहने वाले हैं. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक कई भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम प्रस्तावित किया है. इस दौरान प्राइमरी शिक्षक, PGT, TGT से लेकर प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. वहीं, फरवरी में UP TET का आयोजन भी होना है. ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए तारीखों और संभावित रिजल्ट से जुड़ी जानकारी जानना जरूरी है.
3 और 4 दिसंबर को होगी प्राइमरी शिक्षक भर्ती परीक्षा
UPESSC की ओर से दिसंबर में सबसे पहले प्राइमरी शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसके लिए 3 और 4 दिसंबर 2026 की तारीख प्रस्तावित है. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 12,405 पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 7 लाख अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है. अब इन उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होना है. माना जा रहा है कि आयोग फरवरी 2027 तक प्राइमरी शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर सकता है.
15 और 16 दिसंबर को PGT भर्ती एग्जाम
दिसंबर में दूसरी बड़ी परीक्षा पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) भर्ती के लिए होगी. UPESSC ने PGT के कुल 2,607 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे. इस भर्ती के लिए 4 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, PGT भर्ती परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद रिजल्ट का इंतजार रहेगा. अनुमान है कि आयोग फरवरी 2027 तक इसका परिणाम भी घोषित कर सकता है.
23 और 24 दिसंबर को TGT भर्ती परीक्षा
दिसंबर महीने में तीसरी बड़ी परीक्षा ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) भर्ती के लिए आयोजित की जाएगी. इसके तहत कुल 17,735 पदों को भरा जाना है. आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है. आयोग के प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, TGT भर्ती परीक्षा 23 और 24 दिसंबर को होगी. इस भर्ती में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा के बाद अगले चरण और परिणाम का इंतजार अहम होगा. माना जा रहा है कि फरवरी 2027 तक TGT भर्ती का रिजल्ट भी जारी किया जा सकता है.
7 जनवरी को प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक भर्ती परीक्षा
जनवरी 2027 में UPESSC की ओर से प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी. दोनों परीक्षाएं 7 जनवरी 2027 को प्रस्तावित हैं. इंटरमीडिएट स्तर पर प्रधानाचार्य के 1,475 पदों और हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती की जानी है. इन दोनों भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 थी. हालांकि, अब तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की कुल संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है. उम्मीदवारों को परीक्षा कार्यक्रम और आगे की अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए.
26 और 27 फरवरी को होगी UP TET 2026 परीक्षा
फरवरी 2027 में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 का आयोजन प्रस्तावित है. आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, यह परीक्षा 26 और 27 फरवरी को हो सकती है. हालांकि UP TET सीधे तौर पर भर्ती परीक्षा नहीं है, लेकिन शिक्षक भर्ती में शामिल होने के लिए इसकी पात्रता महत्वपूर्ण है. आयोग ने जून 2027 तक प्राइमरी और TGT भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को TET पास करने की छूट दी है. ऐसे में फरवरी में होने वाली यह परीक्षा शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए काफी अहम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस में होंगे 17 कोच, यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों पर ठहराव, जानें रूट और टाइमिंग