CM Yogi on Bareilly Violence: उत्तर प्रदेश के बरेली में हालिया हिंसा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है. प्रदेश के कई जिलों, कानपुर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, महराजगंज, उन्नाव, संभल, आगरा और बरेली में उपद्रव की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि अब उत्तर प्रदेश में कोई भी व्यक्ति यह न भूले कि राज्य में कानून का शासन है.
उन्होंने कहा, "कुछ लोगों को शांति रास नहीं आती. त्योहार आते ही उन्हें 'गर्मी' लगने लगती है." उन्होंने कहा, "एक मौलाना भूल गया था कि शासन किसका है." सीएम योगी ने बिना नाम लिए एक मौलाना पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों ने यह सोच लिया था कि वे धमकी देकर शासन की व्यवस्था रोक सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा, "न नाकाबंदी होगी और न कर्फ्यू. अब कानून से ऊपर कोई नहीं है." उन्होंने कहा, "जो सबक आज मिला है, वो आने वाली पीढ़ियों को याद रहेगा."
दंगा फैलाने वालों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि सरकार की सख्त कार्यवाही अब भविष्य में दंगा फैलाने वालों के लिए चेतावनी बन गई है. सीएम योगी ने कहा, "आज जो सबक सिखाया गया है, उससे आने वाली पीढ़ियां दंगा करने से पहले दो बार सोचेंगी." योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2017 से पहले दंगे, कर्फ्यू और नाकाबंदी आम बात हुआ करती थी. लेकिन अब प्रशासन की प्राथमिकता शांति, विकास और सख्त कानून व्यवस्था है.
“पहले माफियाओं से मिलती थी सत्ता”
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भी तीखा कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास बुलाकर सम्मानित किया जाता था, माफियाओं को सत्ता का संरक्षण मिलता था, अपराधियों के सामने शासन नतमस्तक दिखाई देता था, लेकिन अब शासन की दिशा पूरी तरह बदल गई है. उन्होंने कहा, "अब न कोई हिंसा सफल होगी, न कोई उपद्रव करने वाला बख्शा जाएगा."
यह भी पढ़ें- ध्यान दें! रेल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से बस ये यूज़र्स ही बुक कर पाएंगे टिकट