मॉस्को/कीव: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला करते हुए राजधानी कीव समेत कई शहरों को निशाना बनाया. रातभर चले इस हमले में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 131 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में रूसी हमलों की भयावहता साफ दिखाई दे रही है. वीडियो में करीब एक मिनट के भीतर चार मिसाइलों को कीव की ओर गिरते देखा जा सकता है. हमलों के बाद कई इलाकों में आग लग गई और आसमान में धुएं के विशाल गुबार उठते नजर आए.
वायरल वीडियो में दिखी हमले की भयावह तस्वीर
सामने आए वीडियो में लगातार कई विस्फोट होते दिखाई देते हैं. बताया जा रहा है कि इनमें से कम से कम चार मिसाइलें राजधानी के रिहायशी क्षेत्रों में गिरीं. धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास का इलाका धुएं और आग की लपटों से घिर गया.
KIEV HAMMERED by 4 missiles in under 60 SECONDS — zero interceptions
— RT (@RT_com) June 2, 2026
Bright fireballs and massive smoke plumes erupt across city pic.twitter.com/MdinhzxovJ
वीडियो में लगातार विस्फोटों की आवाजें भी सुनाई देती हैं. माना जा रहा है कि इनमें कुछ आवाजें अन्य रूसी हमलों की हैं, जबकि कुछ यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा रूसी ड्रोन और मिसाइलों को रोकने के प्रयासों के दौरान उत्पन्न हुईं.
हमलों की रफ्तार बढ़ाने के संकेत
रिपोर्टों के अनुसार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल के सप्ताहों में यूक्रेन के खिलाफ हवाई अभियानों को और तेज करने के निर्देश दिए हैं. विश्लेषकों का मानना है कि रूस यूक्रेन की वायु सुरक्षा क्षमताओं में आ रही चुनौतियों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है.
हमले से पहले रूस की ओर से बड़े हवाई अभियान की चेतावनी भी दी गई थी. साथ ही विदेशी राजनयिकों को कीव छोड़ने की सलाह दी गई थी. हालांकि अधिकांश विदेशी मिशनों ने शहर नहीं छोड़ा.
जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से लगाई गुहार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमलों के बाद कहा कि यह घटनाक्रम दिखाता है कि यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य उन्नत मिसाइल हमलों से बचाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा सहायता की आवश्यकता है. उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से रक्षा सहयोग बढ़ाने की अपील की.
वायु रक्षा पर बढ़ा दबाव
रूस लगातार ऐसे हमले कर रहा है जिनका उद्देश्य यूक्रेन की रक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ाना है. विशेषज्ञों का कहना है कि आधुनिक वायु रक्षा प्रणालियों और मिसाइलों की उपलब्धता कम होने से बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करना अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है.
हालांकि यूक्रेन की वायु रक्षा इकाइयों ने कई हमलों को विफल भी किया. यूक्रेनी वायु सेना के मुताबिक रूस ने देशभर में 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन लॉन्च किए. इनमें राजधानी कीव के अलावा ड्नीप्रो, पोल्टावा, खार्किव और जापोरिज्जिया प्रमुख निशाने रहे.
यूक्रेनी अधिकारियों का दावा है कि रक्षा बलों ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोन को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया. इसके बावजूद कई इलाकों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान ने कुवैत और बहरीन पर किया हमला, अमेरिकी ठिकानों पर दागीं ड्रोन और मिसाइलें, फिर छिड़ गई जंग!