मेरी जान को खतरा था, इसी वजह से तुर्की में मेरा विमान बदला गया... डोनाल्ड ट्रंप ने किया बड़ा खुलासा

ट्रंप ने खुद पुष्टि की है कि हाल ही में तुर्की में आयोजित शिखर सम्मेलन में शामिल होने के दौरान उन्होंने तय विमान के बजाय दूसरे विमान से यात्रा की थी. बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को किसी संभावित खतरे की आशंका थी, जिसके बाद राष्ट्रपति के विमान को बदलने का फैसला लिया गया.

trump-plane-change-security-threat-turkey-summit-flight
Image Source: Social Media

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तुर्की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाए जाने का खुलासा हुआ है. ट्रंप ने खुद पुष्टि की है कि हाल ही में तुर्की में आयोजित शिखर सम्मेलन में शामिल होने के दौरान उन्होंने तय विमान के बजाय दूसरे विमान से यात्रा की थी. बताया जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों को किसी संभावित खतरे की आशंका थी, जिसके बाद राष्ट्रपति के विमान को बदलने का फैसला लिया गया. ट्रंप ने कहा कि वह सुरक्षा से जुड़े मामलों में सीक्रेट सर्विस और अमेरिकी सेना की सलाह का पालन करते हैं.

पुराने Air Force One से भी कराया गया विमान परिवर्तन

यह मामला उस समय चर्चा में आया जब वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि ट्रंप को कतर से मिले बोइंग 747-8 विमान की जगह पुराने Air Force One से यात्रा करनी पड़ी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद राष्ट्रपति को पुराने विमान से चुपचाप निकालकर छोटे C-32A विमान में ले जाया गया. बताया गया कि यह बदलाव बेहद गोपनीय तरीके से किया गया और ट्रंप को एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए विमान से बाहर निकाला गया. हालांकि, शुरुआती तौर पर व्हाइट हाउस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी.

ट्रंप ने खुद बताई विमान बदलने की वजह

ओहायो से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने विमान बदले जाने की खबर की पुष्टि कर दी. उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस और सेना ने उन्हें दूसरे विमान से जाने की सलाह दी थी और उन्होंने वही किया जो सुरक्षा अधिकारियों ने कहा. ट्रंप के मुताबिक, उन्हें लगता है कि उस समय कोई खतरा मौजूद था, हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानकारी हासिल करने की कोशिश नहीं की. उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पद के कारण उन्हें अक्सर अलग-अलग तरह की धमकियां मिलती रहती हैं.

"शायद मैं सबसे अहम राष्ट्रपति हूं"

ट्रंप ने सुरक्षा खतरों को लेकर अपने अंदाज में एक और बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें कई ऐसे खतरों का सामना करना पड़ता है, जिनकी जानकारी आम जनता को नहीं होती. अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि महत्वपूर्ण राष्ट्राध्यक्षों को अक्सर खतरों का सामना करना पड़ता है और इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि शायद वह सबसे अहम राष्ट्रपति हैं. ट्रंप के इस बयान के बाद उनकी तुर्की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विमान बदलने के फैसले को लेकर चर्चा और तेज हो गई है.

ये भी पढ़ें: जिम्बाब्वे की करिबा झील में दर्दनाक हादसा, ओवरलोड नाव पलटने से 15 की मौत, 27 लापता