Travis Head Out of IPL 2027: आईपीएल 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को बड़ा झटका लगा है. टीम के विस्फोटक ओपनर ट्रेविस हेड अगले सीजन में खेलते नजर नहीं आएंगे. उन्होंने व्यस्त इंटरनेशनल क्रिकेट शेड्यूल और वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए आईपीएल 2027 से दूर रहने का फैसला किया है. हेड ने रिटेंशन की आखिरी तारीख से ठीक पहले फ्रेंचाइजी को अपने फैसले की जानकारी दे दी है. उनके बाहर होने से अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की खतरनाक ओपनिंग जोड़ी भी टूट जाएगी.
मिनी ऑक्शन में बड़े पर्स के साथ उतरेगी SRH
ट्रेविस हेड के आईपीएल 2027 से हटने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के पास मिनी ऑक्शन में खर्च करने के लिए ज्यादा पैसे होंगे. हेड को फ्रेंचाइजी हर सीजन 14 करोड़ रुपये की सैलरी दे रही थी. अब यह रकम टीम के पर्स में वापस आ जाएगी. 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन में SRH इस रकम का इस्तेमाल नए खिलाड़ियों को खरीदने के लिए कर सकती है. हेड को टीम ने 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया था.
ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त शेड्यूल की वजह से लिया फैसला
ट्रेविस हेड के आईपीएल से दूर रहने के फैसले के पीछे ऑस्ट्रेलिया का व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर बड़ी वजह है. इसी साल अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए थे कि 2027 में टीम के सामने कई बड़े मुकाबले और टूर्नामेंट होंगे. ऐसे में खिलाड़ियों को अपने वर्कलोड को लेकर कुछ फैसले लेने पड़ सकते हैं.
ऑस्ट्रेलिया को 2027 में करीब 20 टेस्ट मैच खेलने हैं. इसके अलावा जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल, जून से अगस्त के बीच एशेज सीरीज और अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप भी होना है. लगातार इतने बड़े मुकाबलों के कारण हेड ने आईपीएल से ब्रेक लेने का फैसला किया है.
2024 में SRH से जुड़े थे ट्रेविस हेड
ट्रेविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2024 के ऑक्शन में 6.80 करोड़ रुपये में खरीदा था. इससे पहले वह 2023 के ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए थे. उस समय SRH को एक आक्रामक ओपनर की तलाश थी और टीम के कोच डेनियल विट्टोरी हेड को अपने साथ जोड़ना चाहते थे.
हेड ने अपने प्रदर्शन से फ्रेंचाइजी के इस फैसले को सही साबित किया. आईपीएल 2024 में उन्होंने 191.55 के शानदार स्ट्राइक रेट से 567 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 40 से ज्यादा रहा. उनके शानदार प्रदर्शन और अभिषेक शर्मा के साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत हैदराबाद की टीम फाइनल तक पहुंची थी. हालांकि, खिताबी मुकाबले में उसे कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.
अब अभिषेक शर्मा के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
ट्रेविस हेड के बाहर होने से सनराइजर्स हैदराबाद को नए ओपनिंग बल्लेबाज की तलाश करनी होगी. पिछले कुछ सीजन में अभिषेक शर्मा और हेड की जोड़ी ने गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी की थीं. दोनों ने कई बार पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया था. अब आईपीएल 2027 में अभिषेक के साथ कौन पारी की शुरुआत करेगा, यह मिनी ऑक्शन के दौरान देखने वाली बात होगी.