मध्य प्रदेश के राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी कार, 5 लोगों की मौत

Rajgarh Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. खुजनेर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई.

Tragic accident in Rajgarh Madhya Pradesh Car falls into pond 5 people dead
Image Source: Social Media

Rajgarh Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. खुजनेर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला. कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया.

तालाब में गिरने से हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह भीलखेड़ी जोड़ के पास हुआ. स्विफ्ट कार (एमपी-09-सीसी-6414) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में गिर गई. कार में पांच लोग सवार थे. पानी में डूबने के कारण सभी की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है.

कार के दरवाजे और शीशे थे बंद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार के सभी दरवाजे और शीशे बंद थे. इसी वजह से कार में बैठे लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके और पानी में फंस गए. पुलिस और ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद कार के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतकों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान शुरू कर दी है और उनके परिवारों को सूचना दी जा रही है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक अरनिया खुर्द, अवंतीपुर बड़ोदिया, मोहन बड़ोदिया और हताई खेड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है. परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे.

हादसे की वजह की जांच जारी

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और कार के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- आतंकी नेटवर्क के खिलाफ असम पुलिस का बड़ा एक्शन, पाकिस्तान से जुड़े मॉड्यूल के 3 संदिग्ध गिरफ्तार