Plane Crash In Ahmedabad: जीवन कब, किस मोड़ पर आपको किसी अनजानी मुसीबत से बचा ले—कह पाना मुश्किल है. गुजरात के भरूच की रहने वाली भूमि चौहान की जिंदगी में ऐसा ही एक चमत्कारिक मोड़ आया, जब सिर्फ दस मिनट की देरी ने उनकी जान बचा ली. उन्हें एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से अहमदाबाद से लंदन जाना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
बस 10 मिनट... और सब बदल गया
भूमि ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि फ्लाइट दोपहर 1:10 पर थी और उन्हें एयरपोर्ट दोपहर 12:10 बजे तक पहुंचना था. लेकिन भारी ट्रैफिक की वजह से वे 12:20 बजे पहुंचीं और चेक-इन बंद हो चुका था. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया. उस वक्त भूमि को बहुत अफसोस हुआ कि थोड़ी सी जल्दी निकलतीं तो सफर तय कर पातीं. लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आया कि इस देर ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी.
जब सामने आई खौफनाक सच्चाई
एयरपोर्ट से निराश होकर घर लौट रही भूमि को रास्ते में जैसे ही पता चला कि उसी फ्लाइट का भयानक हादसा हो गया है, जिसमें उन्हें सवार होना था, तो उनके होश उड़ गए. फोन पर आई खबर के अनुसार, टेकऑफ करते समय फ्लाइट अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गई, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई.
भूमि ने कहा, “मेरा पूरा शरीर कांप रहा था. सोच भी नहीं सकती थी कि मैं इतनी बड़ी त्रासदी का हिस्सा बन सकती थी”. उन्होंने आगे कहा, “लगता है भगवान ने मुझे किसी वजह से बचाया है. शायद मेरे कुछ अच्छे कर्मों का फल है ये.”
एक दर्द जो बाकी रह गया
जहां भूमि के लिए ये घटना किसी दूसरे जन्म से कम नहीं थी, वहीं उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के लिए गहरा दुख भी जताया. उन्होंने कहा, “मेरी जान तो बच गई, लेकिन उन लोगों की मौत से दिल भारी है. भगवान से प्रार्थना करती हूं कि उनके परिवारों को इस दुख को सहने की ताकत मिले.”
अहमदाबाद विमान दुर्घटना
गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के दौरान एक अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गई, जिससे भीषण हादसा हो गया. इस दुखद घटना में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 229 यात्री, 12 क्रू मेंबर और हॉस्टल में रहने वाले लोग भी शामिल हैं. दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. सरकार ने हादसे की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है. कई परिवार उजड़ गए. यह हादसा भारतीय विमानन इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक बन गया है.
ये भी पढ़ें: Ahmedabad Plane Crash: कैसे बची सीट 11A पर बैठे विश्वास कुमार की जान, प्लेन में कहां होती है ये सीट?