PM Modi Australia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं. मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ संयुक्त प्रेस बयान के दौरान पीएम मोदी ने क्रिकेट का जिक्र कर माहौल हल्का कर दिया. उनकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराए और खुद एंथनी अल्बनीज़ भी हंसते नजर आए.
क्रिकेट के जरिए समझाया दोनों देशों का रिश्ता
पीएम मोदी ने कहा कि मेलबर्न खेलों का बड़ा शहर है. ऐसे शहर में खेल की बात न करना वैसा ही है, जैसे टॉस के बाद क्रिकेट मैच छोड़ देना. उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को क्रिकेट के अलग-अलग फॉर्मेट से जोड़ते हुए कहा कि दोनों देशों की बैठकों का एजेंडा वनडे की तरह साफ और केंद्रित होता है, फैसले टी20 की तरह तेजी से लिए जाते हैं और दोनों देशों की दोस्ती टेस्ट मैच की तरह लंबी और मजबूत है.
Indian Prime Minister @narendramodi throws a bouncer via cricket analogy in Melbourne.
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) July 9, 2026
"Our agenda moves with the pace of an ODI, decisions come as quickly as a T20, and our partnership is as enduring as a Test match." pic.twitter.com/fmzxUVqAQh
तीन देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार, 8 जुलाई को तीन देशों के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया पहुंचे. इससे पहले वह इंडोनेशिया की यात्रा पर थे. उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों अहम समुद्री देश हैं और दोनों के बीच हर क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है. पीएम मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ का भी धन्यवाद किया.
कई अहम समझौतों पर बनी सहमति
दोनों देशों के बीच नागरिक परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में समझौते हुए. नागरिक परमाणु ऊर्जा समझौते के बाद ऑस्ट्रेलिया से भारत को व्यावसायिक तौर पर यूरेनियम की आपूर्ति का रास्ता साफ होगा. इससे भारत की परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं को मदद मिलेगी. इसके अलावा साइबर तकनीक, नई तकनीकों और सप्लाई चेन को मजबूत करने पर भी दोनों देशों ने सहमति जताई.
रक्षा सहयोग होगा और मजबूत
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए भी संयुक्त घोषणा की. पीएम मोदी ने कहा कि 'इंडिया-ऑस्ट्रेलिया डिफेंस इनोवेशन कॉरिडोर' के जरिए दोनों देशों के रक्षा स्टार्टअप और उद्योगों को साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा. दोनों नेताओं ने मुक्त, सुरक्षित और नियम आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए साथ मिलकर काम करने की बात भी दोहराई.
आतंकवाद पर भी दिया बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती है और इससे मिलकर लड़ना जरूरी है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत और ऑस्ट्रेलिया का सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे तनाव और संघर्ष का हल सिर्फ बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है. उन्होंने कहा कि जिस तरह क्रिकेट दोनों देशों को जोड़ता है, उसी तरह भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझेदारी भी लगातार मजबूत होती जा रही है.
ये भी पढ़ें- घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल! IMD ने जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट, इन राज्यों में बरसेंगे बादल