वो धाकड़ बल्लेबाज, जिन्होंने IPL के एक सीजन में लगाए सबसे ज्यादा छक्के, देखें टॉप 5 की लिस्ट

IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज़ अब बस कुछ ही दिनों दूर है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह अपने चरम पर पहुंच चुका है. 28 मार्च से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा.

Top 5 batsmen who hit the most sixes in an IPL season
Image Source: Social Media

IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज़ अब बस कुछ ही दिनों दूर है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह अपने चरम पर पहुंच चुका है. 28 मार्च से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. हर सीजन की तरह इस बार भी फैंस को बड़े शॉट्स और लंबी-लंबी छक्कों की बरसात देखने की उम्मीद है. ऐसे में नजर डालते हैं उन बल्लेबाजों पर, जिन्होंने आईपीएल के एक ही सीजन में छक्कों की बारिश कर इतिहास रच दिया.

क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में छक्कों की बात हो और क्रिस गेल का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए गेल ने एक ही सीजन में 59 छक्के जड़ दिए थे. यह रिकॉर्ड आज भी अटूट बना हुआ है और पिछले 14 सालों में कोई भी बल्लेबाज इसे तोड़ नहीं पाया है. उनकी ताकत और आक्रामक अंदाज ने इस उपलब्धि को खास बना दिया.

आंद्रे रसेल की विस्फोटक बल्लेबाजी

इस सूची में दूसरा नाम आंद्रे रसेल का आता है, जिन्होंने 2019 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए 52 छक्के लगाए थे. उस सीजन में रसेल का बल्ला आग उगल रहा था और उन्होंने कई मैचों में अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई. उनकी स्ट्राइक रेट और पावर हिटिंग ने उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल कर दिया.

गेल का एक और दमदार सीजन

क्रिस गेल सिर्फ एक बार ही नहीं, बल्कि कई बार इस लिस्ट में अपनी जगह बना चुके हैं. 2013 के सीजन में भी उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 51 छक्के जड़े थे. लगातार दो सीजन में इस तरह का प्रदर्शन करना उनके असाधारण टैलेंट और फिटनेस का प्रमाण है.

जोस बटलर का शानदार 2022 सीजन

इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जोस बटलर ने 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने उस सीजन में 863 रन बनाए और साथ ही 45 छक्के भी लगाए. बटलर का यह प्रदर्शन आईपीएल इतिहास के सबसे यादगार सीजनों में गिना जाता है, जिसमें उन्होंने बल्लेबाजी के हर पहलू में अपनी छाप छोड़ी.

पांचवें स्थान पर भी गेल का कब्जा

इस सूची में पांचवें स्थान पर भी क्रिस गेल का ही नाम दर्ज है. 2011 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 44 छक्के लगाए थे. यह दर्शाता है कि आईपीएल के शुरुआती वर्षों में भी गेल का दबदबा किस कदर था और उन्होंने लीग को अपनी बल्लेबाजी से किस तरह प्रभावित किया.

ये भी पढ़ें: रोहित-कोहली के साथ मनमुटाव की अफवाहों पर पहली बार बोले गौतम गंभीर, कहा- 'मुझसे भी कई गलतियां...'