Today Weather: देश में इस समय मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए 12 राज्यों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
जिन राज्यों में यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं. इन इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर भारत में लू का कहर जारी
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में 24 और 25 अप्रैल को लू की स्थिति बन सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल, राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल और मध्य प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान है. इसके अलावा विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल के बीच भी लू का असर देखने को मिल सकता है. गंगा के मैदानी इलाकों जैसे पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 22 और 23 अप्रैल को गर्मी और उमस का असर रहेगा.
इन राज्यों में पड़ेगी झुलसाने वाली गर्मी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अप्रैल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताई गई है. राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल के बीच तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मध्य प्रदेश में भी इसी अवधि में गर्मी का प्रकोप बना रहेगा. वहीं विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल तक भीषण गर्मी का असर रहेगा.
इसके साथ ही 23 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है.
दिल्ली में येलो अलर्ट, तापमान 44°C तक पहुंचने के आसार
राजधानी दिल्ली में 23 से 27 अप्रैल के बीच गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 24 और 25 अप्रैल को यह क्रमशः 43 और 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इन दिनों के लिए हीटवेव की चेतावनी भी दी गई है. 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है.
यूपी में लू और तपिश से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा. राज्य के कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ जैसे शहरों में गर्म हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
Maximum temperature (day temperatures) were in the range of 40℃-44℃ over most parts of Vidarbha; many parts of Marathwada, Chhattisgarh, east Madhya Pradesh, east Uttar Pradesh; some places of east Rajasthan, west Madhya Pradesh, Haryana-Chandigarh-Delhi, at isolated places… pic.twitter.com/Ibs9WijPi3
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 22, 2026
बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज
बिहार में 23 अप्रैल को लू का असर देखने को मिल सकता है, लेकिन इसके बाद मौसम करवट लेगा. अगले दो-तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
झारखंड में लू के साथ बारिश का दौर
झारखंड के कुछ जिलों- दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में लू का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि 24 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना जताई गई है. हवा की गति 30 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है.
राजस्थान में बढ़ेगा तापमान
राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल के बीच भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा. इस दौरान तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और अजमेर में दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.
22 अप्रैल 2026 के लिए मौसम की चेतावनी#HeatWave #WeatherUpdate #RainfallForecast #Thunderstorm #Lightning #WeatherAlert #IndiaWeather #NPRD2026@moesgoi @airnewsalerts @DDNational @ndmaindia @ICRER_MHA @mopr_goi pic.twitter.com/6RdcFCeQnW
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 22, 2026
पश्चिम बंगाल में गर्मी और बारिश दोनों का असर
दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में 25 अप्रैल तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है. वहीं उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जैसे जिलों में 28 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल के बीच और उत्तराखंड में 25-26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 से 28 अप्रैल के बीच कहीं-कहीं बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान ने होर्मुज में जहाज को कब्जे में लिया, फायरिंग करते हुए शिप पर चढ़े सैनिक, IRGC ने शेयर किया Video