White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डिनर इवेंट के बीच गोली चलने की खबर सामने आई. यह घटना उस समय हुई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में मौजूद थे. हालात बिगड़ते देख सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति को मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया.
रिपोर्ट्स के अनुसार, जैसे ही गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं, यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी. एजेंट्स ने अलर्ट जारी करते हुए ट्रंप को तुरंत स्टेज से हटाया और बाहर ले गए. उस समय उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कैबिनेट के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिन्हें भी सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
संदिग्ध शूटर हिरासत में
मौके पर मौजूद एक प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और कैबिनेट के सदस्य भी किसी तरह के नुकसान से बच गए. वहीं, सुरक्षा अधिकारियों के रेडियो संदेशों के अनुसार एक संदिग्ध शूटर को हिरासत में ले लिया गया है. इससे पहले एपी और एएफपी की रिपोर्ट में भी बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई.
JUST IN: 🇺🇸 President Trump rushed off stage by Secret Service at White House corespondent dinner. pic.twitter.com/2rnQDWp6oL
— Remarks (@remarks) April 26, 2026
मौके पर मची अफरा-तफरी
जैसे ही आवाजें सुनाई दीं, सुरक्षा बलों ने भीड़ के बीच से तेजी से रास्ता बनाया और मंच तक पहुंचे. कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आवाजों के बाद हॉल के अंदर अचानक हलचल देखी जा सकती है. हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
हमले के बाद ट्रंप का बयान
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि वॉशिंगटन डीसी में शाम काफी हलचल भरी रही और सीक्रेट सर्विस व कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तेज और बहादुरी से काम किया. उन्होंने बताया कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और उन्होंने कार्यक्रम जारी रखने का सुझाव भी दिया था, लेकिन वह एजेंसियों के निर्देशों का पालन करेंगे.
ये भी पढ़ें- US-ईरान शांति वार्ता में नया ट्विस्ट, जेडी वेंस इस बार नहीं जा रहे पाकिस्तान, कौन करेगा बातचीत?