India Squad for Zimbabwe 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस सीरीज में टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह तीन मैचों की टी20 सीरीज 23 जुलाई से शुरू होगी. सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे.
रिंकू सिंह की टीम में वापसी
इस टीम में रिंकू सिंह की वापसी हुई है. पिछले कुछ समय में वह टी20 विश्व कप, आयरलैंड दौरे और इंग्लैंड दौरे की टीम का हिस्सा नहीं थे. अब उन्हें एक बार फिर भारतीय टीम में मौका मिला है. इस सीरीज में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी.
🚨 News 🚨#TeamIndia squad announced for the 3️⃣-match T20I series against Zimbabwe.
— BCCI (@BCCI) July 6, 2026
More Details ▶️ https://t.co/sC19D5eW8y#ZIMvIND pic.twitter.com/ctbM5gFMtY
तीन खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका
इस बार चयनकर्ताओं ने कुछ नए खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है. प्रभसिमरन सिंह, अशोक शर्मा और यश ठाकुर को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है. घरेलू क्रिकेट और अन्य टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में मौका दिया गया है. अब उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर होगा.
मयंक यादव और हर्ष दुबे की वापसी
तेज गेंदबाज मयंक यादव भी लंबे समय बाद भारतीय टीम में लौटे हैं. चोट के कारण वह पिछले कुछ समय से टीम से बाहर थे. वहीं हर्ष दुबे को भी टीम में शामिल किया गया है. वह पहले भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेल चुके हैं और अब टी20 टीम का हिस्सा बने हैं.
युवा खिलाड़ियों पर रहेगा फोकस
इस टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. चयनकर्ताओं की कोशिश है कि भविष्य के बड़े टूर्नामेंटों के लिए नए खिलाड़ियों को तैयार किया जाए. अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के इस मिश्रण से भारतीय टीम संतुलित नजर आ रही है.
भारत की टी20 टीम
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) शामिल हैं.
कब होंगे मुकाबले?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीनों टी20 मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे. पहला मैच 23 जुलाई को होगा. दूसरा मुकाबला 25 जुलाई और तीसरा मैच 26 जुलाई को खेला जाएगा. तीनों मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 4:30 बजे शुरू होंगे.
ये भी पढ़ें- नाटो की बैठक से पहले यूक्रेन पर बरसा पुतिन का कहर, रूस ने 68 मिसाइलों और 351 ड्रोन्स से किया भीषण हमला