Tata ने बदली कारों की पहचान! अब इस नाम से दिखेंगी कारें, शोरूम से सर्विस तक में होगा बदलाव

Tata.Cars: टाटा मोटर्स ने पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के लिए नई कस्टमर-फेसिंग पहचान पेश की है. आने वाले समय में डीलरशिप, शोरूम, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सर्विस से जुड़े टचपॉइंट्स पर भी नई ब्रांडिंग नजर आएगी.

tata-cars-new-brand-identity-passenger-vehicle-business-explained
Image Source: Internet

Tata.Cars:  सड़क पर टाटा की कार नजर आते ही उसके नाम के साथ भरोसे का भाव अपने आप जुड़ जाता है. दशकों से भारतीय ग्राहकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली टाटा मोटर्स अब इसी भरोसे को नए और आधुनिक अंदाज में पेश करने जा रही है. कंपनी ने अपने पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के लिए ‘Tata.Cars’ नाम की नई कस्टमर-फेसिंग आइडेंटिटी पेश की है. यानी अब ग्राहकों को टाटा की कारों की ब्रांडिंग नए नाम और नए विजुअल अंदाज में नजर आएगी. 

हालांकि, इसे कंपनी के नाम बदलने के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. टाटा मोटर्स की कानूनी पहचान और कॉरपोरेट ढांचा पहले की तरह ही रहेगा. बदलाव मुख्य रूप से ग्राहकों के साथ कंपनी के जुड़ने के तरीके और पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की ब्रांडिंग में किया जा रहा है.

Tata.Cars क्यों रखा गया नया नाम?

कंपनी के मुताबिक भारत में लोग लंबे समय से उसकी पैसेंजर कारों को आम बोलचाल में ‘Tata cars’ के नाम से ही पहचानते हैं. हैचबैक हो या SUV, टाटा की कारों के लिए यह नाम लोगों की रोजमर्रा की भाषा का हिस्सा बन चुका है. इसी लोकप्रिय पहचान को अब कंपनी ने औपचारिक कस्टमर-फेसिंग आइडेंटिटी में बदलने का फैसला किया है. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर शैलेश चंद्रा के मुताबिक, Tata.Cars ऐसी पहचान है जिसे भारत ने कंपनी को दिया है. Tata नाम कंपनी की विरासत और वर्षों से अर्जित भरोसे को दर्शाता है, जबकि Tata.Cars पैसेंजर व्हीकल बिजनेस को आधुनिक और भविष्य के अनुरूप पहचान देने का काम करेगा.

सिर्फ नाम नहीं पूरा ब्रांड एक्सपीरियंस बदलेगा

Tata.Cars की नई पहचान केवल लोगो या नाम तक सीमित नहीं रहने वाली है. कंपनी इसे ग्राहकों के साथ जुड़ने वाले कई स्तरों पर लागू करने की तैयारी कर रही है. आने वाले समय में डीलरशिप, शोरूम, डिजिटल प्लेटफॉर्म, आफ्टर-सेल्स सर्विस और मार्केटिंग कम्युनिकेशन में नई ब्रांडिंग देखने को मिलेगी. कंपनी अगले कुछ महीनों में अपने डीलरशिप नेटवर्क को नए डिजाइन में अपडेट करना शुरू करेगी. इसका असर शोरूम के बाहरी हिस्से से लेकर अंदर के माहौल तक देखने को मिलेगा. नए डिजाइन में स्टेनलेस-स्टील फ्रंट फेस और लूवर्ड पैनल जैसे एलिमेंट्स का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे शोरूम को ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम लुक देने की कोशिश होगी.

नए रंग और साउंड से भी बनेगी अलग पहचान

Tata.Cars की नई ब्रांडिंग में सिर्फ विजुअल बदलाव ही नहीं बल्कि ग्राहकों के अनुभव को दूसरे स्तर पर ले जाने की योजना है. टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के चीफ कमर्शियल ऑफिसर विवेक श्रीवत्सा के मुताबिक, नई पहचान के साथ एक नया विजुअल और सेंसेरी सिस्टम भी पेश किया जाएगा. इस पूरी डिजाइन फिलॉसफी को ‘Parallel Pathway’ नाम दिया गया है. नई ब्रांड आइडेंटिटी में Ambition Blue रंग को खास महत्व दिया जाएगा. इसके साथ कंपनी एक नया सोनिक आइडेंटिटी सिस्टम भी लागू करेगी, ताकि ब्रांड की पहचान सिर्फ देखने में ही नहीं बल्कि सुनने में भी अलग महसूस हो.

शोरूम से डिजिटल प्लेटफॉर्म तक दिखेगा बदलाव

नई कस्टमर-फेसिंग पहचान का असर टाटा की बिक्री और सर्विस से जुड़े डिजिटल टचपॉइंट्स पर भी दिखाई देगा. ग्राहक जब ऑनलाइन कार की जानकारी हासिल करेंगे, सर्विस से जुड़ेंगे या कंपनी के मार्केटिंग कम्युनिकेशन को देखेंगे, तो वहां Tata.Cars की नई पहचान सामने आएगी. कंपनी का उद्देश्य एक ऐसा एकीकृत ब्रांड अनुभव तैयार करना है, जिसमें कार खरीदने से लेकर आफ्टर-सेल्स सर्विस तक ग्राहक को एक जैसी आधुनिक पहचान नजर आए.

क्या टाटा मोटर्स का कानूनी नाम बदल गया?

Tata.Cars नाम सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टाटा मोटर्स ने अपने पैसेंजर व्हीकल बिजनेस का कानूनी नाम बदल दिया है. इसका जवाब है नहीं. Tata.Cars सिर्फ ग्राहकों के सामने इस्तेमाल होने वाली नई पहचान है. कंपनी की रजिस्टर्ड लीगल एंटिटी पहले की तरह ही रहेगी. सरकारी और कानूनी दस्तावेजों, स्टैच्यूटरी फाइलिंग, मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, आधिकारिक कॉन्ट्रैक्ट और रेगुलेटरी फाइलिंग में संबंधित कानूनी नाम का ही इस्तेमाल जारी रहेगा.

Tata.ev की पहचान पहले जैसी रहेगी

टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक व्हीकल बिजनेस की मौजूदा Tata.ev पहचान में भी इस बदलाव के कारण कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े कारोबार में Tata.ev ब्रांडिंग पहले की तरह जारी रहेगी. कुल मिलाकर Tata.Cars को टाटा मोटर्स के पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की नई ग्राहक-केंद्रित पहचान के तौर पर देखा जा सकता है. कंपनी ने नाम जरूर नया किया है, लेकिन इसके पीछे उसका लक्ष्य पुराने भरोसे को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक पेश करना है.

ये भी पढ़ें- 310Km रेंज, दमदार फीचर्स... Suzuki की नई e-Sky लॉन्च, जानिए इसमें क्या है खास