'सरकारें बदलीं, लेकिन तमिलनाडु के विकास का मेरा संकल्प नहीं', पीएम मोदी ने बताया नए भारत का विजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के चेन्नई में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है.

PM Modi Launches Projects in Tamil Nadu Highlights Metro Expansion
Image Source: ANI

PM Modi in Tamil Nadu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के चेन्नई में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है. करीब 13,000 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से लोगों का सफर आसान होगा, उद्योगों और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

पीएम मोदी ने कहा कि आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है. तमिलनाडु आने से पहले उन्हें जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला. उन्होंने इस पवित्र अवसर पर देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु की धरती पर मंदिर से लेकर मेट्रो तक का अनुभव भारत की पहचान को दर्शाता है. देश अपनी सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेता है, विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ता है और आधुनिक बुनियादी ढांचे के जरिए नए अवसर तैयार करता है. हमारी विरासत और भविष्य की उम्मीदें साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं.

विरासत से प्रेरणा, विज्ञान से प्रगति- PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही जनता के आशीर्वाद से उन्होंने सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे किए हैं. अक्टूबर 2001 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इसके बाद लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर दिया.

उन्होंने कहा कि इन 25 सालों में लोकतंत्र की दो बड़ी ताकतों पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है. पहली ताकत देश की जनता है और दूसरी सहकारी संघवाद की भावना है. प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि हर राज्य अपनी जरूरतों और आकांक्षाओं के मुताबिक विकास कर सके.

2014 में 5 शहर, अब 25 में मेट्रो… बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि शहरी विकास सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. उनके मुताबिक, शहरों का बढ़ना केवल चुनौती नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करने का भी जरिया है. इसमें सार्वजनिक परिवहन की अहम भूमिका है. बेहतर परिवहन से लोगों का रोजाना का सफर आसान होता है, लेकिन आधुनिक शहरों के विकास के लिए केवल सड़कें चौड़ी करना काफी नहीं है. इसके लिए बेहतर और आधुनिक बुनियादी ढांचा जरूरी है.

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी, जबकि आज 25 शहरों में मेट्रो चल रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने राज्यों की जरूरतों को समझा था. प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका प्रयास रहा कि हर राज्य की विकास से जुड़ी उम्मीदों को पूरा किया जा सके.

उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन चुका है. 2014 के बाद देश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ा है, जबकि रक्षा निर्यात में 50 गुना बढ़ोतरी हुई है. इंजीनियरिंग निर्यात ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है. प्रधानमंत्री के मुताबिक, विनिर्माण क्षेत्र में इस बढ़ोतरी से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं.

तमिलनाडु में पोर्ट और ग्रीन एनर्जी को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने कहा कि देश में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि शिपिंग क्षेत्र को आगे बढ़ाया जा सके. इस दिशा में तमिलनाडु की भी अहम भूमिका है.

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने थूथुकुडी स्थित वीओ चिदंबरनार पोर्ट को आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. करीब 17,000 करोड़ रुपये के निवेश से इसे विश्वस्तरीय मेगा कंटेनर और ग्रीन एनर्जी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से व्यापार और उद्योग को मजबूती मिलेगी. साथ ही, परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा और राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी.