Abhijeet Dipke Detained: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अभिजीत दिपके शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे. दिल्ली पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया. पुलिसकर्मी कार्रवाई के लिए फ्लाइट के अंदर पहुंचे, जहां से दिपके के साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया.
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने नाराजगी जताई है. पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने विमान के लैंड होते ही अंदर पहुंचकर तीनों नेताओं को गिरफ्तार किया. पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक, पुलिस ने पहले से ही उनकी गिरफ्तारी की योजना बना रखी थी. पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए उसके प्रमुख नेताओं को निशाना बनाया गया.
बिना शर्त रिहाई की मांग
पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया था, इसके बावजूद पुलिस ने यह कार्रवाई की. सीजेपी ने दिल्ली पुलिस के कदम की निंदा करते हुए तीनों नेताओं को बिना शर्त रिहा करने की मांग की है. वहीं, उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद दिल्ली में माहौल गरमाने लगा है.
गिरफ्तारी पर क्या बोले दिपके?
फ्लाइट के अंदर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुलिस से कहा, “मैं खुद यहां गिरफ्तार होने आया हूं, गिरफ्तार करें।” हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उनसे कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने दिपके से कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। इस पूरी कार्रवाई के दौरान दिपके फेसबुक पर लाइव थे।