T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला बेहद अहम मोड़ पर आ पहुंचा है. 1 मार्च 2026 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए किसी वर्चुअल क्वार्टर फाइनल से कम नहीं है. ग्रुप-1 से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला इसी मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा, जिससे मुकाबले का रोमांच और भी बढ़ गया है.
फिलहाल ग्रुप-1 की अंक तालिका पर नजर डालें तो भारत और वेस्टइंडीज दोनों के पास 2-2 अंक हैं. हालांकि बेहतर नेट रन रेट (NRR) के कारण वेस्टइंडीज दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि भारत तीसरे स्थान पर है. ऐसे में जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वह सीधे 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी.
अगर मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बारिश या किसी अन्य कारण से यह मुकाबला पूरा नहीं हो पाता और रद्द हो जाता है, तो सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? ICC के नियमों के अनुसार, मैच रद्द होने या नो-रिजल्ट की स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए जाएंगे.
इस स्थिति में भारत और वेस्टइंडीज दोनों के कुल 3-3 अंक हो जाएंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. मौजूदा स्थिति में वेस्टइंडीज का NRR 1.791 है, जो भारत के -0.100 से काफी बेहतर है. इसलिए अगर मैच नहीं हो पाता, तो वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा.
मौसम बनेगा या बिगाड़ेगा खेल?
मौसम को लेकर राहत भरी खबर है. 1 मार्च को कोलकाता में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. मैच के दौरान भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जिससे दर्शकों को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है. ऐसे में दोनों टीमों के पास अपने प्रदर्शन के दम पर सेमीफाइनल में पहुंचने का सुनहरा मौका होगा.
भारत और वेस्टइंडीज की टीमें टी20 वर्ल्ड कप में लगभग 10 साल बाद आमने-सामने होंगी. पिछली भिड़ंत में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इस बार टीम इंडिया के पास न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाने का मौका है, बल्कि पुराने हिसाब चुकता करने का भी सुनहरा अवसर है.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup: जिम्बाब्वे को हराने के बाद भारत को कितना हुआ फायादा, अब क्या है सेमीफाइनल का समीकरण?