टी20 वर्ल्ड कप से पहले एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सियासत और सुरक्षा को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है. बांग्लादेश द्वारा अपने मैचों का वेन्यू बदलने की मांग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने साफ तौर पर खारिज कर दिया है. आईसीसी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिए बांग्लादेश को भारत आकर ही खेलना होगा, अन्यथा उसे भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक वर्चुअल बैठक के दौरान स्पष्ट कर दिया कि भारत से बाहर मैच शिफ्ट करने का अनुरोध स्वीकार्य नहीं है. परिषद ने यह भी चेतावनी दी कि अगर बांग्लादेश टीम ने भारत में खेलने से इनकार किया, तो उसके अंक काटे जा सकते हैं, जिसका सीधा असर टूर्नामेंट में उसकी स्थिति पर पड़ेगा. हालांकि, बीसीबी से जुड़े कुछ सूत्रों का दावा है कि उन्हें आधिकारिक तौर पर ऐसे किसी फैसले की जानकारी नहीं दी गई है.
विवाद की जड़ क्या है?
इस पूरे विवाद की शुरुआत आईपीएल से जुड़े एक फैसले के बाद हुई. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने हाल ही में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. बताया जाता है कि यह फैसला बीसीसीआई की सलाह पर लिया गया, जिसके पीछे घरेलू स्तर पर उभरा विरोध मुख्य कारण था. बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर भारत में नाराजगी देखने को मिल रही थी, और इसी के चलते आईपीएल में मुस्तफिजुर की बड़ी रकम में खरीद पर भी सवाल उठे.
सरकार तक पहुंचा मामला
जब मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किया गया, तो यह मुद्दा सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा. बांग्लादेश सरकार ने भी इसमें हस्तक्षेप करते हुए भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी तक दे डाली. इसके बाद बीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखकर मांग की कि भारत में होने वाले उनके मुकाबलों को श्रीलंका में शिफ्ट किया जाए.बांग्लादेश की दलील थी कि मौजूदा हालात में खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम जरूरी है. इतना ही नहीं, नाराजगी के चलते बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण पर भी रोक लगा दी गई थी, जिससे विवाद और ज्यादा तूल पकड़ गया.
आईसीसी का अंतिम संदेश
इन तमाम घटनाक्रमों के बीच आईसीसी ने अपना रुख साफ कर दिया है. परिषद का कहना है कि टूर्नामेंट का शेड्यूल और वेन्यू पहले से तय हैं और किसी एक टीम के लिए बदलाव संभव नहीं है. बांग्लादेश को भारत आकर खेलना ही होगा, वरना उसे नियमों के मुताबिक परिणाम भुगतने पड़ेंगे.अब देखना यह होगा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस सख्त संदेश के बाद क्या फैसला लेता है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मं च पर अंक गंवाना टीम के लिए भारी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: वो 5 खिलाड़ी, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में बनाए सबसे ज्यादा रन, देखें पूरी लिस्ट