नई दिल्ली: भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण फैसले में अपनी गलती को स्वीकार किया और स्पष्ट किया कि न्यायाधीश भी मानव हैं और कभी-कभी निर्णयों में त्रुटियां हो सकती हैं. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायालयों को अपनी गलतियों को पहचानने और उन्हें सुधारने से कभी नहीं कतराना चाहिए.
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने अपने आदेश में कहा कि न्यायशास्त्र का एक सिद्धांत, जिसे “Actus Curiae Neminem Gravabit” कहते हैं, के अनुसार न्यायालय की किसी कार्रवाई से किसी को नुकसान नहीं होना चाहिए. इसका मतलब यह है कि यदि अदालत की किसी त्रुटि, देरी या असावधानी के कारण किसी पक्ष को असुविधा होती है, तो उसे न्यायालय द्वारा सुधारना आवश्यक है.
सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार की गलती
यह मामला चंडीगढ़ में एक संपत्ति कब्जा विवाद से जुड़ा है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने पिछले आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया था कि संपत्ति का वास्तविक कब्जा अदालत द्वारा निर्दिष्ट राशि का भुगतान करने के बाद ही वादी को मिलेगा.
इस तकनीकी भूल का लाभ उठाने के प्रयास में, वादी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार 2 करोड़ रुपये का भुगतान करने के बावजूद संपत्ति का कब्जा लेने से इनकार किया, जिससे विवाद और बढ़ गया.
मामले की पृष्ठभूमि
मामला वर्ष 1989 में शुरू हुआ था. वादी ने उस समय एक संपत्ति खरीदने के लिए 25,000 रुपये की अग्रिम राशि का भुगतान किया और प्रारंभिक कब्जा ले लिया.
हालांकि, इसके बाद मुकदमेबाजी शुरू हो गई और संपत्ति का स्वामित्व पूरी तरह से वादी को हस्तांतरित नहीं हो सका.
कुल 39 वर्षों की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने 1989 में दी गई अग्रिम राशि के बदले 2 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश देकर मामला समाप्त करने की कोशिश की.
लेकिन इस आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि भुगतान के बाद संपत्ति का कब्जा वादी को मिलेगा, जिसके कारण विवाद फिर से शुरू हो गया.
न्यायालय की भूल और उसके प्रभाव
इस तकनीकी चूक के कारण वादी ने संपत्ति का कब्जा लेने से इनकार किया, और मामला निचली अदालत और फिर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तक गया. उच्च न्यायालय ने वादी के पक्ष में फैसला सुनाया.
सुप्रीम कोर्ट ने अब अपने पिछले आदेश में हुई गलती को स्वीकार किया है और स्पष्ट किया कि अदालत की भूल के कारण किसी भी पक्ष को अनावश्यक नुकसान नहीं होना चाहिए. यह फैसला न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदारी का उदाहरण है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने आत्मघाती हमले की साजिश को किया नाकाम, ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार