दक्षिणी चीन के कई शहरों में इस वक्त एक भयानक और शक्तिशाली सुपर टाइफून रगासा ने आतंक मचा रखा है. यह तूफान अपनी तीव्र गति और व्यापक प्रभाव के चलते सालों में सबसे खतरनाक तूफानों में से एक माना जा रहा है. फिलीपींस में इसने पहले ही जान-माल का भारी नुकसान किया है और अब चीन के हांगकांग, शेन्जेन सहित आसपास के इलाकों में इसकी वजह से अलर्ट जारी कर दिया गया है. स्कूल बंद हो चुके हैं, उड़ानें रद्द हो रही हैं और लोग बचाव के लिए पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं.
सुपर टाइफून रगासा की ताकत और संभावित असर
हांगकांग मौसम विभाग के अनुसार, रगासा की रफ्तार 230 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच चुकी है और यह दक्षिण चीन सागर के उत्तरी हिस्से से होकर गुजर रहा है. यह बुधवार को ग्वांगडोंग प्रांत के तटीय इलाकों में खासकर शेन्जेन और श्वेन काउंटी के बीच टकराने की संभावना है. हांगकांग में तूफान का तीसरा सबसे गंभीर अलर्ट जारी किया गया है, जिसे बढ़ाए जाने की संभावना है. चीन की राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यह तूफान भारी तबाही ला सकता है, खासकर तटीय इलाकों में.
हांगकांग में समुद्र का जलस्तर बढ़ने का खतरा
रगासा के प्रभाव से हांगकांग में समुद्र का जलस्तर बुधवार सुबह तक 2 से 5 मीटर तक बढ़ सकता है. इस तरह का जलस्तर वृद्धि पिछले खतरनाक तूफानों जैसे टाइफून हाटो (2017) और मंगखुट (2018) जैसी तबाही ला सकती है. इन तूफानों ने भारी आर्थिक नुकसान किया था. ऐसे में हांगकांग और आस-पास के शहरों में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं. बाढ़ वाले इलाकों में लोग अपने घरों की सुरक्षा के लिए रेत की बोरी और बैरियर लगाकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
तैयारियां तेज, स्कूल बंद और उड़ानें रद्द
तूफान के खतरे को देखते हुए हांगकांग और मकाओ में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. ग्वांगडोंग, हैनान और अन्य इलाकों में भी सरकारी ऑफिस और स्कूल बंद करने के आदेश जारी हुए हैं. हांगकांग में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, और शेन्जेन एयरपोर्ट ने भी अपनी उड़ान सेवाएं रोक दी हैं. मकाओ सरकार ने आपातकालीन व्यवस्था शुरू कर दी है क्योंकि तूफान मकाओ के बेहद करीब से गुजरेगा.
फिलीपींस और ताइवान में भी भारी तबाही
सुपर टाइफून रगासा ने पहले ही फिलीपींस में 3 लोगों की जान ले ली है और 17,500 से अधिक लोगों को बेघर कर दिया है. यहां भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. ताइवान में भी तूफान का कहर जारी है, जहां 6 लोग घायल हुए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं. बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. फिलीपींस सरकार ने तूफान के मद्देनजर पहले से ही सख्त तैयारियां की थीं जिससे जान-माल के नुकसान को थोड़ा कम किया जा सका.
ये भी पढ़ें: F-35 को ठुकराया, NATO सदस्यता भी छोड़ी... बाकी देशों की तरह अमेरिका के सामने क्यों नहीं झुका फ्रांस?