Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर तेज हो गई है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की धमकी के बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है. रूस ने यूक्रेन के ओडेसा शहर में ऊर्जा से जुड़े ठिकानों को भी निशाना बनाया है.
दरअसल, जेलेंस्की ने मंगलवार को विदेशी एयरलाइंस, बीमा कंपनियों और दूसरी सरकारों को चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि यूक्रेन की लंबी दूरी तक हमला करने वाले ड्रोन की कार्रवाई से यूक्रेन के ऊपर से गुजरने वाली यात्री उड़ानों के लिए खतरा बढ़ सकता है. जेलेंस्की ने कहा था कि रूस के आसमान में अब सुरक्षित दिन खत्म हो गए हैं.
पुतिन ने दी थी कड़ी चेतावनी
जेलेंस्की के बयान पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. मंगलवार को किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन से इस बारे में सवाल पूछा गया.
पुतिन ने कहा कि अगर ऐसी धमकियां खुले तौर पर दी जा रही हैं तो यह राज्य प्रायोजित आतंकवाद की ओर बढ़ने जैसा है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन एक तरफ रूस के साथ बातचीत शुरू करने और आमने-सामने बैठक की बात करता है, लेकिन दूसरी तरफ ऐसी धमकियां भी देता है.
पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कीव की धमकियों की वजह से कोई गंभीर घटना होती है तो रूस उसका जवाब देने का रास्ता जरूर खोजेगा. उन्होंने कहा कि इस बात को लेकर किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए.
🇺🇦 Kiev Strikes Intensify
— brane mijatovic (@brane_mija64426) September 1, 2026
Sixth consecutive day of attacks on Kiev and region. Over 40 air raid alerts since Aug 27. ~1,500 drones (mostly jet-propelled) launched in last 4 days.
High volume suggests clearing pre-autumn stockpiles. After losses at Vishnyove and Milaya, PVO… pic.twitter.com/pjqpXVS7JP
कीव में जोरदार धमाके, रिहायशी इमारत में लगी आग
पुतिन की चेतावनी के बाद रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए. बुधवार को कीव में जोरदार धमाके सुने गए. कीव के मेयर के मुताबिक, शेवचेनकीव्स्की जिले में ड्रोन हमले के कारण एक छह मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई. इसके बाद इमरजेंसी सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची.
रूस ने ओडेसा में ऊर्जा ढांचे और बिजली से जुड़े ठिकानों को भी निशाना बनाया. यूक्रेन के कई शहरों में हमलों के बाद धमाकों की आवाज सुनाई दी और आसमान में धुएं का गुबार दिखाई दिया.
पहले भी 12 घंटे से ज्यादा चला था हमला
इससे पहले 1-2 सितंबर की रात और सुबह रूस ने कीव और आसपास के इलाकों में 12 घंटे से ज्यादा समय तक हमला किया था. इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे. घायलों में बच्चे भी शामिल बताए गए थे.
अब जेलेंस्की की धमकी और पुतिन की चेतावनी के बाद दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है. रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों को निशाना बनाकर यह साफ संकेत दिया है कि वह कीव की ऐसी कार्रवाइयों का जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा.
ये भी पढ़ें- नेपाल की मदद के लिए भारत ने भेजा स्पेशल प्लेन, राहत सामग्री के साथ खास रेस्क्यू टीम भी हुई रवाना