South OTT Release This Week: ओटीटी पर इस हफ्ते साउथ सिनेमा के दर्शकों के लिए मनोरंजन का जबरदस्त डोज मिलने वाला है. अलग-अलग भाषाओं में एक्शन, हॉरर, रोमांस, कॉमेडी और रियलिटी शो से जुड़ी कई नई फिल्में और सीरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही हैं. अगर आप सिनेमाघरों के बजाय घर बैठे साउथ की नई कहानियों का मजा लेना पसंद करते हैं, तो इस हफ्ते की ये रिलीज आपके लिए खास हो सकती हैं.
‘कट्टालान’
मलयालम एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘कट्टालान’ 13 अगस्त से मनोरमामैक्स पर स्ट्रीम होगी. पॉल जॉर्जर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एंटनी वर्गीस पेपे, सुनील, कबीर दुहान सिंह, जगदीश और दुशारा विजयन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म में हिप्स्टर और हनान शाह भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं, जबकि लोकेश कनगराज और अल्फोंस पुथरन कैमियो में दिखाई देंगे.
‘मिस्टर वर्क फ्रॉम होम’
रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा ‘मिस्टर वर्क फ्रॉम होम’ 14 अगस्त से सनएनएक्सटी पर उपलब्ध होगी. फिल्म की कहानी अरविंद नाम के एक आधुनिक कॉर्पोरेट प्रोफेशनल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो घर से काम करने को सफलता का सबसे आसान रास्ता मानता है. लेकिन जब उसकी तकनीक से जुड़ी आरामदायक जिंदगी गांव के पारंपरिक मूल्यों से टकराती है, तो कहानी में मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं. फिल्म में त्रिगुण, पायल राधाकृष्ण, अनीश कुरुविला, शिवाजी राजा, हर्ष वर्धन, सत्य कृष्णन और हर्ष चेमुडु नजर आएंगे.
‘आरूपी’
अगर आपको हॉरर और रहस्य से भरपूर कहानियां पसंद हैं, तो ‘आरूपी’ आपके लिए खास हो सकती है. मलयालम सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर की कहानी एक बदला लेने वाली यक्षिणी पर आधारित है, जिसे कभी आर्यनट्टू एस्टेट में एक गुड़िया के अंदर कैद कर दिया गया था. दो चोर गलती से उसे आजाद कर देते हैं, जिसके बाद डरावनी घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है. अभिलाष वारियर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त से प्राइम वीडियो पर देखी जा सकेगी.
‘बिग बॉस’
साउथ के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के फैंस के लिए भी यह सप्ताह खास है. ‘बिग बॉस तेलुगु 10 - अग्निपरीक्षा’ 15 अगस्त से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा. यह मुख्य शो से पहले आने वाला डिजिटल प्री-शो है, जिसमें चुने गए आम लोग मुख्य बिग बॉस घर में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगे. वहीं ‘बिग बॉस मलयालम 8 - अग्निपरीक्षा’ भी 15 अगस्त से इसी मंच पर शुरू होगा, जिसमें मुख्य शो के लिए आम लोगों के चयन की प्रक्रिया दिखाई जाएगी.
‘द कॉमन मैन’
‘बिग बॉस तमिल 10 - द कॉमन मैन’ 16 अगस्त से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा. यह बिग बॉस तमिल के दसवें सीजन से पहले आने वाला डिजिटल प्री-शो है, जिसे विजय सेतुपति होस्ट करेंगे. इसमें आम लोगों को मुख्य शो के प्रतियोगी के रूप में चुने जाने का मौका मिलेगा. ऐसे में इस सप्ताह साउथ मनोरंजन के शौकीनों के पास एक्शन से लेकर हॉरर, रोमांस, कॉमेडी और रियलिटी मनोरंजन तक कई विकल्प मौजूद रहेंगे.
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, अब OTT पर रिलीज होगी विजय की 'जन नायकन', कब और कहां होगी स्ट्रीम?