दमदार एक्शन, धांसू डायलॉग और खूब रोमांच... थलपति विजय की आखिरी फिल्म का ट्रेलर रिलीज, बॉबी देओल का लुक वायरल

Thalapathy Vijay Movie Trailer: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. यह फिल्म हिंदी में ‘जन नेता’ नाम से रिलीज होने जा रही है और खास बात यह है कि यही विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म होगी.

south indian Trailer release of Thalapathy Vijay last film Jan Nayagan Bobby Deol also impressed
Image Source: Social Media

Thalapathy Vijay Movie Trailer: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जन नायगन’ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. यह फिल्म हिंदी में ‘जन नेता’ नाम से रिलीज होने जा रही है और खास बात यह है कि यही विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म होगी. ऐसे में फैंस की एक्साइटमेंट पहले से ही चरम पर थी, जिसे 3 जनवरी की शाम रिलीज हुए ट्रेलर ने और भी बढ़ा दिया है.

ट्रेलर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर विजय का जलवा देखने को मिला. फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है.

दमदार डायलॉग के साथ होती है ट्रेलर की शुरुआत

‘जन नायगन’ का ट्रेलर एक जबरदस्त डायलॉग से शुरू होता है, जो पूरे माहौल को गंभीर और खतरनाक बना देता है. एक शख्स की आवाज सुनाई देती है, जो विजय के बारे में जानकारी जुटाने को कहता है. जवाब में सामने वाला व्यक्ति कहता है कि बड़े-बड़े अपराधियों के नाम तो सभी जानते हैं, लेकिन उन अपराधियों के राजा को लोग थलपति कहते हैं. उसे छेड़ना मौत को दावत देने जैसा है.

इसी डायलॉग के साथ एक्शन अवतार में थलपति विजय की एंट्री होती है, जो ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली पल बन जाता है. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और बैकग्राउंड म्यूजिक दर्शकों को बांध कर रखता है.

पुलिस के रोल में दिखे विजय, अपराधियों के लिए बने काल

ट्रेलर में थलपति विजय एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनका किरदार आम लोगों के प्रति संवेदनशील और न्यायप्रिय दिखाया गया है, जबकि अपराधियों के लिए उनका अंदाज बेहद खतरनाक है. एक्शन सीक्वेंस में विजय पूरी तरह से दुश्मनों पर हावी नजर आते हैं. उनकी डायलॉग डिलीवरी, बॉडी लैंग्वेज और इंटेंस लुक यह साफ कर देता है कि यह किरदार उनके करियर के सबसे यादगार रोल्स में से एक होने वाला है.

विलेन बनकर छाए बॉबी देओल

ट्रेलर के दूसरे हिस्से में बॉबी देओल की एंट्री होती है, जो फिल्म में निगेटिव रोल निभा रहे हैं. बॉबी देओल का किरदार बेहद रहस्यमय और खतरनाक दिखाया गया है. ट्रेलर में संकेत मिलता है कि उनका किरदार भारत के खिलाफ किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में है.

विजय का मिशन इस साजिश को नाकाम करना है, जिसके चलते दोनों के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा. विजय और बॉबी देओल के आमने-सामने आने वाले सीन फिल्म को और ज्यादा रोमांचक बना रहे हैं.

कई भाषाओं में होगी रिलीज

‘जन नायगन’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. यह फिल्म तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगी. हिंदी वर्जन को ‘जन नेता’ नाम दिया गया है. पैन इंडिया रिलीज के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है.

फिल्मों को अलविदा, अब राजनीति पर फोकस

थलपति विजय पहले ही साफ कर चुके हैं कि ‘जन नायगन’ उनके अभिनय करियर की आखिरी फिल्म होगी. इसके बाद वह पूरी तरह से राजनीति पर ध्यान देंगे. साल 2024 में विजय ने ‘तमिलगा वेत्री कजगम’ नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी की शुरुआत की थी.

विजय के इस फैसले के बाद ‘जन नायगन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके फैंस के लिए एक इमोशनल फेयरवेल बन गई है. ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि थलपति विजय अपने करियर का अंत एक दमदार और यादगार फिल्म के साथ करने जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- मादुरो के खिलाफ ऑपरेशन करके अमेरिका ने ईरान को दिया बड़ा संकेत! इजरायली नेता के बयान ने मचाई हलचल