गहरी नींद में सो रहा था मासूम, गले में कुंडली मारकर बैठ गया सांप; एक घंटे तक लिपटा रहा, फिर जो हुआ...

बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बुद्धुआचक गांव में घटी एक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया. पांच साल का एक बच्चा गहरी नींद में सो रहा था, तभी करीब चार फीट लंबा सांप उसके बिस्तर पर पहुंच गया और उसकी गर्दन से लिपटकर फन फैलाए बैठ गया.

snake-wraps-sleeping-boy-neck-bihar-miracle-survival
Image Source: Social Media

बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बुद्धुआचक गांव में घटी एक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया. पांच साल का एक बच्चा गहरी नींद में सो रहा था, तभी करीब चार फीट लंबा सांप उसके बिस्तर पर पहुंच गया और उसकी गर्दन से लिपटकर फन फैलाए बैठ गया. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि करीब एक घंटे तक सांप बच्चे के बेहद करीब रहा, लेकिन उसने न तो उसे काटा और न ही किसी तरह का हमला किया. इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे.

मां की नजर पड़ते ही मच गई अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, बुद्धुआचक गांव निवासी राममूर्ति महतो की बेटी शरथा अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ हरनौत के बहादुरपुर से मायके आई हुई थीं. सोमवार सुबह जब उनकी आंख खुली तो उन्होंने देखा कि सांप बच्चे के सीने से सरककर उसकी गर्दन पर लिपटा हुआ है और चेहरे के पास फन फैलाए बैठा है. यह नजारा देखते ही उनके होश उड़ गए. उनकी चीख सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन बच्चे की जान को खतरे में देखते हुए कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. सभी लोग दूरी बनाकर खड़े रहे और बच्चे के सुरक्षित रहने की दुआ करते रहे.

एक घंटे तक थमी रहीं सबकी सांसें

कमरे में मौजूद हर व्यक्ति इस डर में था कि यदि किसी ने सांप को हटाने की कोशिश की या बच्चा अचानक हिल गया तो बड़ा हादसा हो सकता है. यही वजह रही कि किसी ने कोई जोखिम नहीं उठाया. इस दौरान मासूम गहरी नींद में शांत पड़ा रहा और सांप भी बिना किसी आक्रामक हरकत के उसकी गर्दन पर लिपटा रहा. लगभग एक घंटे तक चले इस तनावपूर्ण माहौल में पूरा परिवार और गांव के लोग बेबसी के साथ सिर्फ इंतजार करते रहे कि स्थिति सामान्य हो जाए.

नींद खुली तो खुद ही उतर गया सांप

करीब एक घंटे बाद जब बच्चे की नींद खुली तो उसने कमरे में खड़े लोगों को देखकर रोना शुरू कर दिया और अपनी मां की ओर बढ़ने लगा. इसी दौरान सांप बिना किसी हमले या आक्रामकता के धीरे-धीरे उसकी गर्दन से उतरकर कमरे से बाहर निकल गया. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. मां ने तुरंत बेटे को अपनी गोद में उठा लिया और गले से लगा लिया. परिवार का कहना है कि बच्चे का सुरक्षित बच जाना किसी ईश्वरीय कृपा से कम नहीं है.

ये भी पढ़ें: असम में बाढ़ का कहर, पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा, सांसदों के साथ की समीक्षा बैठक