Smriti Mandhana Record: आईसीसी महिला विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं. पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ने के बाद उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ भी दमदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रनों की आकर्षक पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान मंधाना ने 11 चौके और 1 छक्का लगाया. हालांकि यह सिर्फ एक और बेहतरीन पारी नहीं थी, बल्कि इसके साथ उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों में कोई खिलाड़ी नहीं बना सका था.
600 चौकों का ऐतिहासिक आंकड़ा
नीदरलैंड के खिलाफ खेली गई पारी में स्मृति मंधाना ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 चौकों का आंकड़ा पार कर लिया. अब उनके नाम 168 मैचों की 162 पारियों में 604 चौके दर्ज हो चुके हैं. वह टी20 इंटरनेशनल में 600 चौके लगाने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं. हैरानी की बात यह है कि पुरुष क्रिकेट में भी अभी तक कोई बल्लेबाज 500 चौकों के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है. मंधाना ने इस फॉर्मेट में 4475 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक, 35 अर्धशतक और 88 छक्के शामिल हैं.
भारत ने बनाया नया रिकॉर्ड
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में यह पहला मौका था जब भारत ने 200 से अधिक रन बनाए. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. जवाब में नीदरलैंड की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 95 रन से अपने नाम कर लिया. यह रनों के लिहाज से महिला टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत भी बन गई.
पुरुष खिलाड़ियों से भी आगे निकलीं स्मृति
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले पुरुष खिलाड़ियों की सूची पर नजर डालें तो पाकिस्तान के बाबर आजम 477 चौकों के साथ शीर्ष पर हैं. वह अभी तक 500 का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं. भारत के रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस सूची में शामिल हैं, लेकिन दोनों अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: भारत-अफगानिस्तान के बीच कब और कहां होगा तीसरा वनडे? यहां जानें मैच से जुड़ी पूरी डिटेल