Pakistan Attack Afghanistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है और सीमा पर हालात गंभीर हो गए हैं. दोनों देशों की सेनाएं स्पिन बोल्डक-चमन बॉर्डर पर आमने-सामने हैं और एक-दूसरे पर आर्टिलरी और टैंक से हमले कर रही हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार (27 अप्रैल 2026) सुबह करीब 11 बजे पाकिस्तानी सेना ने कुनार विश्वविद्यालय के कैंपस पर ड्रोन हमला किया. इस हमले में एक प्रोफेसर और दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. शिक्षण संस्थान पर हुए इस हमले के बाद हालात और ज्यादा बिगड़ गए. इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी.
अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई
अफगान सेना ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. जानकारी के मुताबिक, अफगान सेना ने सीमा पार कर पाकिस्तानी पोस्ट पर सर्जिकल स्ट्राइक की. इस कार्रवाई में 4 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि एक सैनिक को पकड़कर अफगानिस्तान ले जाया गया. इसके साथ ही अफगान सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों के कुछ हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए.
पहले भी हुआ था हमला
बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले यानी 26 अप्रैल को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंगूर अड्डा बॉर्डर पोस्ट को ड्रोन से निशाना बनाया था. इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
सामने आया वीडियो
इस बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यूनिवर्सिटी पर हमले के बाद बच्चे जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो ने हालात की गंभीरता को और साफ कर दिया है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह जवाबी कार्रवाई डूरंड लाइन के पास स्पिन बोल्डक इलाके में की गई.
सीजफायर के बावजूद तनाव
पिछले महीने दोनों देशों ने ईद के मौके पर 18 से 23 मार्च तक अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति जताई थी. लेकिन अफगानिस्तान का आरोप है कि पाकिस्तान ने इस दौरान भी गोलीबारी जारी रखी. अफगानिस्तान के सैन्य प्रमुख फसीहुद्दीन फितरत ने कई बार कहा है कि पाकिस्तान डूरंड लाइन पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप
अफगानिस्तान ने आम नागरिकों पर हमले का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया है. वहीं पाकिस्तान का कहना है कि उसने नागरिकों को नहीं, बल्कि सैन्य ठिकानों और “आतंकी ढांचे” को निशाना बनाया था.
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने हाल ही में दावा किया था कि पाकिस्तानी हमलों में 400 से ज्यादा लोग मारे गए और 260 से अधिक घायल हुए. इनमें कई लोग नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे मरीज भी शामिल थे.
बढ़ती चिंता
दोनों देशों के बीच बढ़ता यह संघर्ष क्षेत्र में अस्थिरता को और बढ़ा सकता है. लगातार हो रहे हमलों और जवाबी कार्रवाई से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी के लोगों भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, तेज आंधी और बारिश की चेतावनी; इन राज्यों में बदलेगा मौसम