Shukra Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को धन, वैभव, प्रेम, सुख-सुविधाओं और ऐश्वर्य का कारक माना जाता है. ऐसे में शुक्र की चाल में होने वाला बदलाव सभी 12 राशियों के जीवन को प्रभावित करता है. 22 नवंबर 2026 को शाम 5:38 बजे शुक्र ग्रह ने अपनी स्वराशि तुला में दोबारा प्रवेश किया है. इससे पहले 6 नवंबर को वक्री चाल चलते हुए शुक्र कन्या राशि में पहुंच गए थे. अब तुला में उनकी वापसी से चार राशियों के जातकों के लिए तरक्की, आर्थिक लाभ और रिश्तों में खुशहाली के योग बन रहे हैं.
तुला राशि
शुक्र का गोचर तुला राशि के प्रथम भाव यानी लग्न भाव में हो रहा है. इस राशि के स्वामी शुक्र ही हैं, इसलिए यह बदलाव जातकों के लिए विशेष फलदायी रह सकता है. आपके व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ेगा और कार्यक्षेत्र में आपके काम की सराहना हो सकती है. नौकरीपेशा लोगों के लिए पदोन्नति के अवसर बन सकते हैं. कला, मीडिया, फैशन और लग्जरी कारोबार से जुड़े लोगों को अच्छा आर्थिक मुनाफा मिल सकता है. वैवाहिक जीवन में प्रेम और तालमेल बढ़ेगा, जबकि अविवाहित लोगों को विवाह के प्रस्ताव मिल सकते हैं.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए शुक्र का गोचर पंचम भाव में हो रहा है. यह भाव शिक्षा, संतान, रचनात्मकता और प्रेम संबंधों से जुड़ा माना जाता है. इस दौरान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने के योग हैं. कला और क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिल सकते हैं. पुराने निवेश या शेयर बाजार से लाभ मिलने की संभावना है. प्रेम जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएंगे और लंबे समय से चली आ रही गलतफहमियां दूर हो सकती हैं.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए शुक्र का गोचर दशम भाव यानी कर्म भाव में हो रहा है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, यह स्थिति करियर और कारोबार के लिहाज से अनुकूल रह सकती है. नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को मनचाहा अवसर मिल सकता है. वहीं, पहले से नौकरी कर रहे लोगों को नई जिम्मेदारी या पदोन्नति मिलने के संकेत हैं. व्यापारियों के लिए नए सौदे और साझेदारी फायदेमंद साबित हो सकती है. पैतृक संपत्ति से जुड़ा मामला सुलझने और सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी के भी योग बन रहे हैं.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए शुक्र नवम भाव यानी भाग्य स्थान में गोचर कर रहे हैं. इस बदलाव से लंबे समय से अटके हुए कामों में गति आ सकती है. नौकरी और कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं लाभदायक साबित हो सकती हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं और परिवार में किसी मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है. विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को भी सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है. कुल मिलाकर यह समय आपके लिए नए अवसर और खुशियां लेकर आ सकता है.
शुक्र ग्रह को प्रसन्न करने के लिए करें ये ज्योतिषीय उपाय
ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह की शुभता बढ़ाने के लिए शुक्रवार का दिन विशेष माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन सफेद वस्त्र या चावल का दान करने से शुक्र देव की कृपा प्राप्त होती है. इसके अलावा शुक्रवार को 'ॐ शुं शुक्राय नमः' मंत्र का जाप करना भी शुभ माना गया है. इससे जीवन में सुख-समृद्धि, वैवाहिक खुशहाली और आर्थिक संपन्नता आने की मान्यता है. ध्यान रखें कि ये ज्योतिषीय मान्यताएं हैं, इनके परिणामों की वैज्ञानिक गारंटी नहीं है.
ये भी पढ़ें- भगवान विष्णु ने शिवजी को चढ़ा दिया था अपना नेत्र, वैकुंठ चतुर्दशी पर जरूर पढ़ें यह चमत्कारी कथा