वेस्टइंडीज सीरीज से पहले टीम इंडिया को झटका, शुभमन गिल हुए चोटिल, कोहनी पर लगी सिराज की गेंद

भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. तिरुवनंतपुरम में पहले वनडे की तैयारी के दौरान कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए.

shubman-gill-injury-before-india-west-indies-first-odi
Image Source: Social Media

भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. तिरुवनंतपुरम में पहले वनडे की तैयारी के दौरान कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए. अभ्यास सत्र में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की एक तेज गेंद सीधे गिल की दाहिनी कोहनी पर जा लगी. गेंद लगने के बाद गिल दर्द में नजर आए और चोट वाली जगह पर पट्टी बांधने के बाद अभ्यास से बाहर चले गए.

चोट के बाद मैदान पर लौटे गिल

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है. भारतीय टीम गुरुवार से यहां अभ्यास कर रही है. शुक्रवार के अभ्यास सत्र में गेंद लगने के बाद गिल कुछ देर मैदान से बाहर रहे. इस दौरान रोहित शर्मा भी उनका हाल जानने पहुंचे. बाद में गिल मैदान पर वापस आए और साथी खिलाड़ियों से बातचीत की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी शुरू नहीं की थी.

क्या पहले वनडे में खेल पाएंगे शुभमन गिल?

गिल की चोट कितनी गंभीर है और क्या वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए मैदान पर उतर पाएंगे, इस पर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. चोट के बाद उनका दोबारा मैदान पर लौटना राहत देने वाला संकेत जरूर है, लेकिन मैच से पहले उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला महत्वपूर्ण होगा. ऐसे में टीम मैनेजमेंट की ओर से मिलने वाले अपडेट पर सभी की नजरें रहेंगी.

गौतम गंभीर ने की गिल की तारीफ

वनडे सीरीज से पहले स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कप्तानों को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उन्होंने चार कप्तानों के साथ काम किया है और सभी की पहली प्राथमिकता टीम रही. गंभीर ने खुद को भाग्यशाली बताया कि उन्हें ऐसे कप्तानों के साथ काम करने का मौका मिला, जिन्होंने व्यक्तिगत हित से पहले टीम को रखा. उन्होंने शुभमन गिल की भी तारीफ की और टेस्ट क्रिकेट में उनकी कप्तानी को शानदार बताया.

भारतीय वनडे स्क्वॉड

रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आकिब नबी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, नमन धीर.

ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: बरानिका एलंगोवन ने रचा इतिहास, पोल वॉल्ट में भारत को दिलाया पहला मेडल