Asian Games 2026: बरानिका एलंगोवन ने रचा इतिहास, पोल वॉल्ट में भारत को दिलाया पहला मेडल

Baranica Elangovan Wins Historic Bronze: जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय एथलेटिक्स के लिए बरानिका एलंगोवन ने यादगार उपलब्धि हासिल की है. तमिलनाडु की 25 वर्षीय एथलीट ने महिला पोल वॉल्ट में 4.15 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया.

baranika-elangovan-wins-india-first-pole-vault-asian-games-medal
Image Source: Social Media

Baranica Elangovan Wins Historic Bronze: जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय एथलेटिक्स के लिए बरानिका एलंगोवन ने यादगार उपलब्धि हासिल की है. तमिलनाडु की 25 वर्षीय एथलीट ने महिला पोल वॉल्ट में 4.15 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया. खास बात यह है कि एशियन गेम्स के इतिहास में पुरुष या महिला किसी भी वर्ग के पोल वॉल्ट इवेंट में भारत का यह पहला पदक है. बरानिका और पोलीना इवानोवा ने 4.15 मीटर की समान ऊंचाई पार की, लेकिन दोनों 4.25 मीटर की अगली बाधा को पार नहीं कर सकीं, जिसके बाद दोनों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक दिया गया.

स्प्रिंट और लॉन्ग जंप से शुरू हुआ सफर

मयिलादुथुरै के पास कुथलम गांव की रहने वाली बरानिका एक किसान परिवार से आती हैं. उनके पिता एलंगोवन किसान हैं. स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद बरानिका ने एथलेटिक्स में कदम रखा और शुरुआत में स्प्रिंट तथा लॉन्ग जंप में हिस्सा लिया. चेन्नई के एथिराज कॉलेज में पढ़ाई के दौरान पुधुमै पेन फाउंडेशन ने पोल वॉल्ट के लिए प्रतिभाओं की तलाश की, जिसमें बरानिका का चयन हुआ. इसके बाद कोच मिलबर बर्ट्रेंड रसेल की देखरेख में उन्होंने पोल वॉल्ट की तकनीक और बारीकियों पर काम शुरू किया.

हांगझोउ की नाकामी से 2026 की शानदार वापसी

बरानिका के करियर में उतार-चढ़ाव भी रहे हैं. 2018 में उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्तर पर 3.80 मीटर का मीट रिकॉर्ड बनाया, जबकि 2023 में इंडियन ग्रां प्री-4 में 4.10 मीटर की छलांग लगाकर अंतरराष्ट्रीय मानक हासिल किया. हालांकि भुवनेश्वर इंटर-स्टेट मीट में 3.80 मीटर पर रुकने के कारण वह हांगझोउ एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं बना सकीं. इसके बाद 2026 में उन्होंने जोरदार वापसी की और मार्च में भुवनेश्वर नेशनल इंडोर चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की छलांग लगाकर पहली इंडोर नेशनल चैंपियन बनीं और रोजी मीना पॉलराज का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा.

रिकॉर्ड सुधार से एशियन गेम्स के पोडियम तक

मई 2026 में बरानिका ने कलिंगा स्टेडियम में अपना ही रिकॉर्ड बेहतर करते हुए 4.23 मीटर की छलांग लगाई. इसके अलावा उन्होंने चेन्नई में इंडियन ओपन और रांची में 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.10 मीटर की छलांग के साथ दो स्वर्ण पदक भी जीते. अब नागोया में 4.15 मीटर पार कर कांस्य पदक हासिल करना उनके लंबे संघर्ष और लगातार मेहनत का बड़ा पड़ाव है. साथ ही, इस उपलब्धि ने भारतीय पोल वॉल्ट को एशियन गेम्स के पदक इतिहास में पहली बार जगह दिलाई है.

ये भी पढ़ें: Asian Games में भारत का दमदार प्रदर्शन, अब तक 19 मेडल जीते; जानें किस खेल में किसने दिलाया पदक