पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव में ABVP का बजा डंका, अध्यक्ष पद पर अंकित बिढान की बड़ी जीत

Punjab University Election: पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अंकित बिढान ने जीत हासिल की है. उन्होंने अपने सबसे करीबी उम्मीदवार को 500 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया.

ABVP triumphs Punjab University elections Ankit Bidhan secures victory for President
Image Source: Social Media

Punjab University Election: पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के अंकित बिढान ने जीत हासिल की है. उन्होंने अपने सबसे करीबी उम्मीदवार को 500 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया. दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (एएसएपी) के उम्मीदवार आदिल बराड़ रहे. वहीं, एनएसयूआई के उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे.

पिछले साल पहली बार एबीवीपी ने पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी. इस बार भी संगठन ने अपना प्रदर्शन दोहराते हुए लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है.

शाम तक किसे कितने वोट मिले?

केमिस्ट्री विभाग के 57वें चरण की मतगणना के बाद एबीवीपी के अंकित बिढान को 2287 वोट मिले. वहीं एएसएपी के आदिल बराड़ को 1767 वोट मिले. एनएसयूआई के गुरमान को भी 1767 वोट मिले, जबकि एसएटीएच के दश्नप्रीत को 1052 वोट मिले. इस चरण के बाद एबीवीपी 520 वोटों से आगे चल रही थी.

अंकित बिढान की जीत के बाद पंजाब एबीवीपी ने खुशी जताई. संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी ने एक बार फिर एबीवीपी पर भरोसा जताया है. संगठन ने इसे एक और बड़ी जीत बताया. वहीं, सेक्टर-11 स्थित सरकारी बालिका महाविद्यालय में भी एबीवीपी ने जीत दर्ज की है.

एबीवीपी ने दी जीत की जानकारी

एबीवीपी ने बताया कि पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स के छात्र परिषद चुनाव में भव्य शर्मा को अध्यक्ष और खुशी को उपाध्यक्ष चुना गया है. संगठन ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के एबीवीपी और उसके काम के प्रति भरोसे को दिखाता है.

इसके अलावा यूआईईटी विभाग से एबीवीपी की उम्मीदवार तविशा जिंदल ने पंजाब यूनिवर्सिटी के विभागीय प्रतिनिधि चुनाव में जीत हासिल की. एबीवीपी ने कहा कि यह छात्रों की आवाज, नेतृत्व और बदलाव के पक्ष में दिया गया फैसला है.

एबीवीपी और एसओपीयू गठबंधन ने पीजीजीसी-46 में भी जीत दर्ज की. यहां परमजीत सिंह को अध्यक्ष और करणप्रीत सिंह को महासचिव चुना गया. संगठन ने दोनों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि छात्रों का भरोसा मजबूत हुआ है और यह जीत उनकी उम्मीदों को दिखाती है.

ये भी पढ़ें- वॉर और टैरिफ के बीच भारत की इकॉनमी ने दिखाया दम, पहली तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8%