Samrat Choudhary: नीतीश कुमार ने मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को कैबिनेट की आखिरी बैठक की. इसके बाद वे राज्यपाल से मिले और बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. उसी दिन एनडीए की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया. इससे साफ हो गया कि अब वही बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे.
इस फैसले के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के तौर पर पटना पहुंचे थे. उनके साथ भाजपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे. बैठक के बाद सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बन गई.
कल हो सकता है शपथ ग्रहण
माना जा रहा है कि बुधवार को लोकभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है. पहले से ही चर्चा थी कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, अब इस पर आधिकारिक मुहर लग गई है.
#WATCH | Patna: Samrat Choudhary unanimously elected as the Leader of the BJP Legislative Party in Bihar. pic.twitter.com/Xd3reazFt4
— ANI (@ANI) April 14, 2026
कौन हैं सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी बिहार की राजनीति का बड़ा चेहरा हैं. वे अभी उपमुख्यमंत्री हैं और गृह विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. इससे पहले वे बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
राजनीतिक परिवार से संबंध
सम्राट चौधरी मुंगेर जिले से आते हैं. उनके पिता शकुनी चौधरी भी बड़े नेता रहे हैं और समता पार्टी के संस्थापकों में शामिल थे. वे सांसद और विधायक भी रह चुके हैं.
कैसे शुरू हुआ राजनीतिक सफर
सम्राट चौधरी ने साल 1990 में राजनीति में कदम रखा. 1995 में एक मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था. इसके बाद 1999 में वे राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री बने.
विधायक और मंत्री के तौर पर काम
वे 2000 और 2010 में परबत्ता सीट से विधायक चुने गए. आरजेडी में लंबे समय तक रहने के बाद 2014 में वे जेडीयू में शामिल हुए और जीतन राम मांझी की सरकार में मंत्री बने.
बीजेपी में शामिल होने के बाद बढ़ा कद
2018 में सम्राट चौधरी बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं. 2025 में उन्होंने तारापुर सीट से चुनाव जीता और एनडीए सरकार में मंत्री भी रहे.
अब संभालेंगे बिहार की कमान
अब सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. उनके सामने राज्य को आगे बढ़ाने और विकास को जारी रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
ये भी पढ़ें- Bihar New CM: बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे सम्राट चौधरी! डिप्टी सीएम बनेंगे निशांत कुमार, कब होगा ऐलान?