पुतिन ने रोकी कीव पर बमबारी, 3 दिन तक नहीं होगा कोई हमला! रूस-यूक्रेन के बीच हो गया सीजफायर?

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच बड़ी खबर सामने आई है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीव में तीन दिनों के लिए हमले रोकने का ऐलान किया है.

Russia and Ukraine ceasefire Putin halts bombing of Kyiv no attacks
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Russia-Ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच बड़ी खबर सामने आई है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीव में तीन दिनों के लिए हमले रोकने का ऐलान किया है. बताया गया है कि आज रात से रूसी सेना कीव पर बमबारी नहीं करेगी. इसे यूक्रेन के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. पिछले कुछ दिनों में रूस ने कीव पर कई बड़े हमले किए हैं, जिनमें लोगों की जान जाने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण इमारतों और ढांचे को नुकसान पहुंचा है.

क्रेमलिन ने क्या कहा?

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि अमेरिका के विशेष दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ के मॉस्को पहुंचने के बाद कीव पर हमले रोकने का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि यह विराम अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बातचीत की तैयारी और बैठकों से जुड़ा है.

पेस्कोव ने यह भी बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शनिवार को क्रेमलिन में स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मुलाकात करेंगे. इस बैठक में यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के रास्तों पर चर्चा हो सकती है.

रूस पहुंचे स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस पहुंच चुके हैं. रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष के प्रमुख और राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रीव ने वनुकोवो हवाई अड्डे पर दोनों अमेरिकी प्रतिनिधियों का स्वागत किया.

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उनके प्रतिनिधि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने के लिए एक प्रस्ताव लेकर जाएंगे. वहीं, पुतिन ने भी कहा था कि रूस बातचीत के लिए तैयार है और व्हाइट हाउस के प्रतिनिधियों का रूस में हमेशा स्वागत है.