आईपीएल 2026 खत्म होने से पहले ही लखनऊ सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी कप्तानी छोड़ दी है और फ्रेंचाइजी ने भी इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. पूरे सीजन में खराब प्रदर्शन से जूझती रही लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं मानी जा रही. पंत की कप्तानी में टीम इस सीजन अंक तालिका में सबसे नीचे यानी 10वें स्थान पर रही थी. वहीं बल्ले से भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, जिसके चलते पूरे सीजन उनके ऊपर लगातार दबाव बना हुआ था.
सीजन के बीच से ही इस बात की चर्चा शुरू हो गई थी कि लखनऊ टीम मैनेजमेंट कप्तानी में बदलाव कर सकता है. ऐसे में अब जब पंत ने कप्तानी छोड़ दी है, तो यह सवाल भी तेज हो गया है कि क्या उन्होंने खुद यह फैसला लिया या फिर टीम मैनेजमेंट की ओर से उन पर दबाव था.
LSG का आधिकारिक बयान
शुक्रवार 29 मई को जब क्रिकेट फैंस की नजरें दूसरे क्वालिफायर मुकाबले पर टिकी थीं, उसी दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर सभी को चौंका दिया. फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में टीम के डाइरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने की पुष्टि की.
टॉम मूडी ने अपने बयान में कहा, “लखनऊ सुपर जायंट्स औपचारिक तौर पर ये ऐलान करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने कप्तानी की जिम्मेदारी छोड़ने की इच्छा जाहिर की, जिसे फ्रेंचाइजी ने तुरंत प्रभाव से स्वीकार कर लिया है.”
उन्होंने आगे कहा कि ऋषभ पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से संपर्क कर यह फैसला साझा किया था और टीम मैनेजमेंट ने उनके निर्णय का सम्मान किया. मूडी ने यह भी माना कि ऐसे फैसले किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होते. साथ ही उन्होंने अगले सीजन के लिए टीम को नए सिरे से तैयार करने की बात कही. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने फिलहाल यह साफ नहीं किया है कि अगले सीजन में टीम की कप्तानी कौन संभालेगा.
Official announcement. pic.twitter.com/7WeOwpkDr6
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) May 29, 2026
क्या सच में पंत ने खुद छोड़ी कप्तानी?
हालांकि फ्रेंचाइजी के बयान के बावजूद इस फैसले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या वाकई ऋषभ पंत ने खुद कप्तानी छोड़ी या फिर टीम मैनेजमेंट ने उन्हें हटाने का फैसला लिया. इस सवाल की सबसे बड़ी वजह टॉम मूडी का वह बयान है, जो उन्होंने टीम के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद दिया था. मूडी ने तब कहा था कि कप्तानी का दबाव शायद पंत के प्रदर्शन पर साफ नजर आ रहा था. उन्होंने यह भी संकेत दिए थे कि टीम मैनेजमेंट पूरे सीजन के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा और जरूरी फैसले लिए जाएंगे.
ऐसे में अब पंत के अचानक कप्तानी छोड़ने की खबर ने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है. कई लोगों को यह मानना मुश्किल लग रहा है कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी से हटने का फैसला पूरी तरह से पंत की व्यक्तिगत इच्छा रही होगी.
IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे पंत
ऋषभ पंत का लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ सफर नवंबर 2024 में शुरू हुआ था, जब मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उन पर 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई थी. इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे. फ्रेंचाइजी ने उन्हें सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि टीम के भविष्य के कप्तान के रूप में भी देखा था. बड़ी उम्मीदों के साथ उन्हें कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन टीम उनके नेतृत्व में वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकी, जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 14 में से सिर्फ 6 मुकाबले जीते थे और टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही थी. वहीं आईपीएल 2026 टीम के लिए और भी खराब साबित हुआ. इस सीजन लखनऊ सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी और 10वें स्थान पर रही.
बल्ले से भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे पंत
सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी में भी ऋषभ पंत का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा. लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पहले सीजन में उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 269 रन बनाए थे. हालांकि उन्होंने एक शतक जरूर लगाया, लेकिन वह टीम के आखिरी मैच में आया था, जब लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी.
दिलचस्प बात यह रही कि उस मुकाबले में शतक लगाने के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था. वहीं मौजूदा सीजन में पंत ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में वह लय बरकरार नहीं रख सके. आईपीएल 2026 में उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 312 रन बनाए, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल रहा. एक बड़े खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर यह प्रदर्शन उम्मीदों से काफी नीचे माना गया.
अब लखनऊ के सामने नई चुनौती
ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगले सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाएगी. लगातार दो खराब सीजन के बाद टीम मैनेजमेंट बड़े बदलावों की तैयारी में नजर आ रहा है.
ये भी पढ़ें: GT vs RR: क्वालीफायर-2 में अगर बारिश बनी विलेन तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट? जानिए BCCI के नियम