Punjab Police Reshuffle: पंजाब सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए आठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है. इस बदलाव में अमृतसर बॉर्डर रेंज के आईजीपी से लेकर कई जिलों के एसएसपी की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.
तबादला आदेश के मुताबिक गुरप्रीत सिंह भुल्लर को आईजीपी बॉर्डर रेंज अमृतसर बनाया गया है. वह अभी नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे. अब वह हरमनबीर सिंह की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे.
हरमनबीर सिंह को अमृतसर का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. इससे पहले वह डीआईजी बॉर्डर रेंज अमृतसर के साथ पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे.
मानसा और पटियाला में भी बदलाव
भागीरथ सिंह मीणा को एसएसपी मानसा के पद से हटाकर एआईजी कार्मिक-1, सीपीओ पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है. उनकी जगह वैभव चौधरी को एसएसपी मानसा बनाया गया है. चौधरी इससे पहले पटियाला में एसपी मुख्यालय के पद पर तैनात थे.
वहीं पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा को अब एसएसपी मोहाली बनाया गया है. दूसरी ओर मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस को पटियाला का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है. यानी दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारियों की अदला-बदली हुई है.
बठिंडा के एसएसपी भी बदले
एआईजी कार्मिक-1, सीपीओ पंजाब के पद पर तैनात सुहैल कासिम मीर को एसएसपी बठिंडा की जिम्मेदारी दी गई है. वह ज्योति यादव की जगह लेंगे. ज्योति यादव को अब 82वीं बटालियन पीएपी, चंडीगढ़ का कमांडेंट बनाया गया है.
पंजाब पुलिस में हुए इस फेरबदल के बाद कई जिलों और पुलिस रेंज में नई टीम के साथ काम शुरू होगा. सरकार ने अलग-अलग अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देकर प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया है.
ये भी पढ़ें- तीन थिएटर कमांड, 20 एयर डिफेंस सिस्टम... S-400 और कुश से मजबूत होगी भारत की हवाई सुरक्षा, जानें प्लान