RCB vs GT, IPL 2026 Final: IPL 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब बस कुछ ही घंटों दूर है. एक तरफ हैं क्रिकेट के सबसे बड़े सुपरस्टार विराट कोहली, जिनकी अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना देख रही है. दूसरी तरफ युवा कप्तान शुभमन गिल हैं, जो गुजरात टाइटंस को एक और खिताबी सफलता दिलाकर खुद को भारतीय क्रिकेट के अगले बड़े नेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं. यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों और दो कप्तानी सोच के बीच भी माना जा रहा है.
बल्ले से बराबरी की टक्कर
इस सीजन विराट कोहली और शुभमन गिल दोनों ने अपने बल्ले से खूब कहर बरपाया है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दबाव भरे मैच में गिल ने शतकीय पारी खेलकर गुजरात को फाइनल तक पहुंचाया और अपने शानदार फॉर्म का परिचय दिया. वहीं विराट कोहली भी पूरे टूर्नामेंट में बैंगलोर की बल्लेबाजी की रीढ़ बने रहे हैं. दोनों बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट लगभग समान रहे हैं और दोनों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली हैं. यही वजह है कि फाइनल में इन दोनों सितारों पर सबसे ज्यादा निगाहें रहने वाली हैं.
बल्लेबाजी में दमदार हैं दोनों टीमें
बैंगलोर और गुजरात की सबसे बड़ी ताकत उनकी मजबूत बल्लेबाजी है. बैंगलोर के पास विराट कोहली के साथ फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड और कप्तान रजत पाटीदार जैसे मैच विनर मौजूद हैं. वहीं गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी भी किसी से कम नहीं दिखती. शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की तिकड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखती है. इसके अलावा राहुल तेवतिया और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों में मैच का रुख बदलने का हुनर रखते हैं.
IPL 2026: किंग VS प्रिंस
विराट शुभमन
रन - 600 722
स्ट्राइक रेट- 165 164
100/50 - 1/4 1/6
6/4- 64/22 72/33
गेंदबाजी में बैंगलोर का भरोसा अनुभव पर
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की गेंदबाजी इस सीजन उसकी सफलता की सबसे बड़ी वजहों में रही है. भुवनेश्वर कुमार ने शानदार लय में गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट निकाले हैं, जबकि जोश हेजलवुड ने भी बड़े मौकों पर टीम को सफलता दिलाई है. क्रुणाल पांड्या, रसिख सलाम और सुयश शर्मा ने गेंदबाजी इकाई को संतुलन प्रदान किया है. यही कारण है कि बैंगलोर की टीम किसी भी बड़े स्कोर का बचाव करने में सक्षम नजर आती है.
गुजरात की संतुलित टीम बनाती है मुकाबले को रोमांचक
अगर गुजरात टाइटंस की बात करें तो उसकी सबसे बड़ी ताकत उसका संतुलित संयोजन है. कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर और राशिद खान जैसे गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशान कर सकते हैं. यही वजह है कि गुजरात को इस सीजन की सबसे संतुलित टीमों में गिना जा रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अनुभव और स्टार पावर से लैस विराट कोहली की सेना बाजी मारती है या फिर शुभमन गिल अपनी युवा ब्रिगेड के साथ नया इतिहास रचते हुए IPL 2026 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर लेते हैं.
ये भी पढ़ें: RCB vs GT Final: बारिश से रद्द हुआ IPL फाइनल तो किस टीम को मिलेगी ट्रॉफी? जानें क्या है नियम